सख्ती. राजस्व में सुधार लाने के लिए विभाग ने उठाया कदम
बक्सर : घर, दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का बिजली बिल बकाया है, तो जल्द भुगतान कर दें. बिजली कंपनी दो माह से ज्यादा बिल बकाया रखनेवाले उपभोक्ताओं को चिह्नित कर जल्द ही विद्युत कनेक्शन काट देगी. बकायेदारों के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. बकायेदारों की लिस्ट बनाकर लाइन काटने का निर्देश कंपनी को दिया है. इस लिस्ट में वैसे बकायेदारों को शामिल किया जा रहा है, जिन्होंने पिछले दो माह से बिल का भुगतान नहीं किया है और उनके यहां कम-से-कम पांच हजार का बिल बकाया हो गया है. इसके बाद चिह्नित किये गये बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काट दिया जायेगा.
वहीं, बिजली चोरी की जानकारी देनेवाले लोगों का नाम और नंबर भी गुप्त रखा जायेगा, जिसके आधार पर बिजली कंपनी छापेमारी कर चोरी से बिजली जला रहे लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायेगी.
बिजली कंपनी के राजस्व में भी होगी वृद्धि : बिजली कंपनी प्रतिमाह 14 करोड़ की बिजली खरीदती है, जिसमें से बिजली विभाग को छह करोड़ रुपये ही आते हैं. हर महीने आठ करोड़ रुपये के कर्ज में कंपनी है. ऐसे में दो माह से ज्यादा बकाया रखनेवाले उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन काटने का निर्णय लिया है. बिजली विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी. कई उपभोक्ता पांच माह तक का बिल यह कहकर नहीं जमा करते हैं कि विद्युत विपत्र में दोष है. दो माह के अंदर बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया जायेगा.
बिजली बिल की गड़बड़ी पर भी लगेगी रोक : विद्युत विपत्र में गड़बड़ी का रोना रोनेवाले उपभोक्ताओं को भी इस योजना से काफी लाभ मिलेगा. अगर दो माह के अंदर आपके विद्युत विपत्र में किसी तरह की गड़बड़ी आती है, तो उसे तुरंत ठीक करा दिया जायेगा. इससे उपभोक्ता पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा. समय से कंपनी को राजस्व भी मिलेगा. दो माह के विपत्र में गड़बड़ी होने की आशंका कम रहेगी. फिर भी अगर विपत्र में किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है, तो कंपनी उसे तुरंत सुधार कर देगी. बकाये को देखते हुए कंपनी द्वारा इस तरह का फैसला लिया गया है.
