चौसा : चौसा व्यापार मंडल सहयोग समिति के अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के पदों के लिए निर्वाचन की तिथि घोषित कर दी गयी है. उक्त आशय की जानकारी देते हुए बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि चौसा व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल में प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के लिए चुनाव 17 अक्तूबर को प्रखंड मुख्यालय में कराया जायेगा.
व्यापार मंडल में प्रबंध कार्यकारिणी समिति के निर्वाचन के लिए निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा प्रपत्र -एक में सूची का प्रकाशन 20 सितंबर को कर दिया जायेगा. सात अक्तूबर को नामांकन, नामांकन पत्रों की संवीक्षा नौ अक्तूबर तथा नाम वापसी की तिथि 10 अक्तूबर को निर्धारित की गयी है. अगर जरूरत पड़ी, तो 17 अक्तूबर को चुनाव व चुनाव के उपरांत उसी दिन मतगणना भी करायी जायेगी. गौरतलब हो कि चौसा प्रखंड में कुल दस पैक्स अध्यक्ष हैं, जो व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुनेंगे. चुनाव की तिथि की घोषणा होने के बाद अभी से ही क्षेत्र में जोड़-तोड़ की सरगर्मी तेज हो गई है.
