अनुमति नहीं मिलने के बाद भी बक्सर में की थी सभा
विधि व्यवस्था भंग करने समेत कई धाराओं के तहत मामला हुआ था दर्ज
बक्सर : जमीन देने के नाम पर विधि व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में पूर्व मंत्री बसंत सिंह के भाई राणा रणजीत सिंह बुरे फंस गये हैं. कोर्ट से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है.
जल्द ही उन्हें गिरफ्तार भी किया जायेगा. अनुमति नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने ज्योति प्रकाश चौक पर सभा को संबोधित किया था, जिससे शहर में विधि व्यवस्था एवं जाम की समस्या उत्पन्न हो गयी थी. लोगों को जमीन देने के नाम पर कागजात जमा कराये गये थे, जिसके बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उन पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया था. आदेश के बाद मजिस्ट्रेट ने उन पर भारतीय दंड संहिता के विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करायी थी.
एक सितंबर को जुटे थे लाखों लोग : एक सितंबर को शहर के किला मैदान में लाखों लोगों को जमीन देने के नाम पर बुलाया गया था. कहीं से इसकी इजाजत जिला प्रशासन की ओर से नहीं दी गयी थी.
बावजूद इसके लाखों की संख्या में लोग जुटे हुए थे, जिससे शहर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था. इस मामले को जिला प्रशासन ने काफी गंभीरता से लेते हुए रणजीत सिंह राणा पर नगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी. इसके पहले भी एक अगस्त को नावानगर प्रखंड मुख्यालय पर जमीन देने के नाम पर लाखों लोगों को बुलाया गया था
प्रशासन को वहां भी इसकी भनक लगने के साथ ही धारा 144 लगा दी थी. धारा 144 लागू होने के बाद रणजीत सिंह राणा ने सभी को वासुदेवा स्थित अपने फार्म हाउस पर बुलाया था. इस मामले में फॉर्म लेनेवाले पर एफआईआर दर्ज की गयी थी. इसकी जांच के लिए डुमरांव एसडीओ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था.
