बक्सर : बेंगलुरु में हुई पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के विरोध में प्रलेस और एआईएसएफ के संयुक्त बैनर तले शहर के रामलीला मंच पर एक प्रतिरोध सभा और प्रतिरोध मार्च निकाला गया. प्रतिरोध मार्च रामलीला मैदान होते हुए कुंवर सिंह चौक से शहीद भगत सिंह समेत शहर के कई मुख्य मार्गों से होते हुए रामलीला मंच पहुंचा. साथ ही विचारों का वध संभव नहीं, पत्रकारों पर हमला बंद करो, अभिव्यक्ति पर पहरा नहीं चलेगा की नारा लगाया गया. प्रलेस के जिलाध्यक्ष कुमार नयन ने कहा कि जिन हिंदूवादी ताकतों ने पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या की है. वे इन कायराना हरकतों से प्रगतिशील आवाजों को दबा नहीं सकते.
वहीं ऐप्सों के राज्य महासचिव दीपक राय ने कहा कि विचारों की हत्या नहीं की जा सकती. दमन से प्रतिरोध तीव्र होता है. असहमत आवाज को दबा कर इस देश को बर्बरता में धकेल देने की साजिशों सफल नहीं होगी. उन्होंने कहा कि पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या से पत्रकारों की कलम कभी रुक नहीं सकती. मौके पर विमल कुमार सिंह, राम मुरारी, संजीव अग्रवाल, सरिता कुमारी, रवि ओझा, प्रकाश कुमार, कन्हैया बजरंगी, पृथ्वी कुमार, प्रभात कुमार, कौशल कुमार, गणेश कुमार, संतोष पांडेय, पंकज कुमार समेत कई लोग मौजूद थे.
