डुमरांव : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अमथुआं गांव में गैस सिलिंडर के रिसाव से भड़की आग की चपेट में आने से एक किशोर झुलस गया. अगलगी के दौरान घर में रखे गये हजारों रुपये की संपत्ति राख हो गयी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया. जख्मी किशोर का इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया. जख्मी किशोर हंसराज महतो का पुत्र संजय महतो बताया जाता है.
घर की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. घटना मंगलवार की सुबह करीब सात बजे की बतायी जाती है. घटना को लेकर बताया जाता है कि संजय सुबह चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रहा था. इसी दौरान गैस रिसाव हो रहा था. माचिस की तिल्ली जैसे ही जली वैसे ही आग की लपटों ने किशोर को घेर लिया.
इसकी चपेट में आकर किशोर का हाथ झुलस गया. देखते-ही-देखते आग की तेज लपटे उठनी शुरू हो गयीं और कमरे में रखे गये हजारों रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया. ग्रामीणों के घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. अगलगी के दौरान मुहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया.
