चार चालकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नावानगर : बासुदेवा ओपी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ सोमवार को अभियान चलाया. अभियान के दौरान तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. जबकि चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.
अवैध खनन के लिए टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की. इस संबंध में ओपी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि ब्लॉक के समीप मिट्टी का अवैध तरीके से खनन किया जा रहा है. सूचना मिलने के साथ ही अवैध उत्खनन करनेवाले माफियाओं के खिलाफ टीम गठित कर छापेमारी की गयी, जहां से तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है. इसके साथ ही थाना क्षेत्र के छोटकी बसवली के अमरजीत यादव, राम प्रसाद यादव, मंजीत यादव और मुन्ना राम को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान पता चला कि इनके पास किसी प्रकार के खनन का आदेश नहीं है. इसके बावजूद इन लोगों द्वारा अवैध रूप से खनन किया जा रहा था. फिलहाल मामला दर्ज कर चारों को जेल भेज दिया गया है.
बता दें कि प्रखंड में कई जगहों पर रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध रूप से खनन किया जा रहा है और महंगे दाम पर शहर में मकान की भराई व अन्य काम के लिए माफियों द्वारा बेचा जा रहा है.
