शहरी उपभोक्ताओं को भी मिलेगा इस योजना का लाभ
बक्सर : दीनदयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में जिले के सभी गांवों और टोलों में 102 करोड़ की लागत से बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ की जायेगी. योजना के तहत खंभे लगाया जाना, तार बिछाना, ट्रांसफॉर्मर बदलना और नये ट्रांसफॉर्मर लगाने से सितंबर, 2017 तक जिलेभर में विद्युत वितरण व्यवस्था की तस्वीर बदल जायेगी. इनमें 21 करोड़ की योजना के दो नये पीएसएस का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया. वहीं, दो अन्य पीएसएस का शिलान्यास भी किया गया.
इन पीएसएस से गांवों में होनेवाली विद्युत वितरण व्यवस्था को दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना से सुदृढ़ किया जायेगा. योजना के तहत केंद्र सरकार ने इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर ) को मंजूरी दे दी है. ग्राम ज्योति योजना से जिलाभर में विद्युत वितरण व्यवस्था में सुधार होगा, ब्रेक डाउन कम होंगे. इसका सीधा लाभ न सिर्फ गांवों में, बल्कि शहरी उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. नये पीएसएस निर्माण योजना को पूरा करने के लिए 24 महीने का समय दिया गया है.
157 टोलों में नहीं है बिजली : जिले में कुल 835 ऐसे कस्बे थे, जहां बिजली नहीं पहुंच सकी थी. ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत अब तक 678 गांवों में बिजली पहुंचा दी गयी है.
बाकी बचे गांवों में सितंबर, 2017 तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. सदर प्रखंड के एक दो नहीं, बल्कि दर्जनों गांव अंधेरे से जूझ रहे हैं. राजपुर, सिमरी, केसठ, ब्रह्मपुर प्रखंड के कई गांव भी बिजली की पहुंच से दूर हैं. जिले में करीब 150 से भी अधिक गांवों व टोलों को बिजली कंपनी अभी तक रोशन नहीं कर पायी है. दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना का लाभ अधिकतम गांवों तक पहुंचाने के लिए 100 घरों से नीचे जाकर जहां 10 घर भी हैं, उस टोले को भी विद्युतीकृत करना तय किया गया है.
इन गांवों में बनेंगे दो नये पीएसएस : कार्य एजेंसी के साथ हुए करार के तहत एजेंसी को हिदायत दी गयी है कि हर हाल में यह काम अगस्त, 2019 तक यानी 24 महीने में पूरा हो जाना चाहिए. योजना के तहत दो नये पीएसएस बनाये जाने हैं.
ये पीएसएस चक्की व राजपुर में बनाये जायेंगे. इसके अलावा एक पीएसएस डुमरांव में बनाया जाना है, जो आइपीडीएस योजना के तहत बनेगा. सभी पीएसएस में दो एमवीए के पांच ट्रांसफॉर्मर लगाये जायेंगे. पहले से जिले में 16 पीएसएस हैं. वसुधर व अरियांव में दो नये पीएसएस का लोकार्पण रविवार को किया गया.
ये होंगे फायदा
विटीएल एजेंसी को कार्य का आवंटन हुआ है. जमीन मिलने के बाद काम शुरू हो जायेगा. अब वोल्टेज की समस्या नहीं होगी. नये पीएसएस बनने से विद्युत सप्लाइ की क्वालिटी बेहतर हो जायेगी. 33 केवीए, 11 केवीए, एलटी लाइन का विस्तार किया जायेगा. कवर तार लगाये जायेंगे. इससे बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा. पांच एमवीए के 13 ट्रांसफाॅर्मर लगाये जायेंगे.
प्रवीण कुमार, कार्यपालक अभियंता, विद्युत परियोजना
