उत्साह. स्वतंत्रता दिवस की तैयारी में जुटा है पूरा शहर, तिरंगे झंडों से पटा बाजार
डुमरांव : जश्ने आजादी का माहौल धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है. इसकी तैयारी आम व खास ने शुरू कर दी है. स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राज हाइ स्कूल के खेल मैदान में होगा, जिसकी तैयारी शुरू हो गयी है. शनिवार को एसडीओ प्रमोद कुमार ने खेल मैदान का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि इस समारोह में अनुमंडल क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जायेगा. इसकी तैयारी अनुमंडल प्रशासन ने शुरू कर दी है. समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे,
जिसमें निजी व सरकारी स्कूलों के बच्चे हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम से पूर्व एनसीसी कैडेट कोर व भारत स्काउट गाइड के बच्चे मार्च पास्ट करेंगे. स्कूलों द्वारा रिहर्सल शुरू कर दिया गया है. एसडीओ ने कहा कि खेल मैदान में बड़ा आकार का मंच का निर्माण कराया जा रहा है़ मंच के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया. मैदान में जलजमाव की निकासी कर मिट्टी भराई करने का निर्देश नगर पर्षद को दिया.
सजीं तिरंगे की दुकानें : शहर की मंडियों में तिरंगे की दुकानें सज गयी हैं. खरीदार दुकानों से तिरंगे की खरीद करने लगे हैं. इन दुकानों पर बच्चों की खास आइटम देखने को मिल रही है. देश प्रेम के प्रति उत्साहित बच्चे स्वतंत्रता दिवस में हिस्सा लेने के लिए तिरंगा टोपी, दुपट्टा, चश्मा, बैच, टाइ, बैलून व छोटा तिरंगा की बढ़ चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं. वहीं, दुकानदारों का कहना है कि हर साइज में तिरंगे झंडे बनाये गये हैं, जिनकी मांगों में इजाफा है.
स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारी पूरी : बक्सर. स्वतंत्रता दिवस की तैयारी जिला प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गयी है. झंडोत्तोलन कार्यक्रम नगर के प्रसिद्ध किला मैदान में किया जायेगा. इसके बाद एनसीसी कैडेट व स्कूली बच्चे परेड में शामिल होंगे. वहीं, प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार डीएम मुकेश पांडेय के निधन के कारण अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है. इस दिन इसके अतिरिक्त अन्य भी कार्यक्रम हैं. उन्हें भी रद्द कर दिया गया है. हालांकि प्रशासन की ओर से किला मैदान के चारों तरफ बैरिकेडिंग र दी गयी है. साथ ही टेंट आदि की भी व्यवस्था की दी गयी है.
