चौसा : होमगार्ड के सफल सैकड़ों अभ्यर्थियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रियट का घेराव किया और एक ज्ञापन जिले के वरीय पदाधिकारी अनुपम सिंह को सौंपा. इस दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि बिहार होम गार्ड भरती, 2011 के तहत 2016 में ली गयी बहाली का अब तक जिला प्रशासन के द्वारा मेरिट लिस्ट का प्रकाशन नहीं किया गया, जिससे हमलोगों का जीवन अधर में लटक गया है. सफल अभ्यर्थियों ने बताया कि बिहार होम गार्ड भर्ती 2011 के तहत 275 सीटों के लिए बहाली बक्सर जिला प्रशासन द्वारा नवंबर, 2016 में ली गयी थी, जिसमें फिजिकल टेस्ट तथा मेडिकल जांच भी हुई थी. तत्कालीन जिलाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से कहा था
कि एक सप्ताह के अंदर सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी कर दी जायेगी,लेकिन लिस्ट आज तक जारी नहीं की गयी. मेरिट लिस्ट जारी नहीं होने के चलते बक्सर जिले के 275 युवा अब भी बेरोजगार हो इधर-उधर भटक रहे हैं. वहीं, वरीय पदाधिकारी ने सफल अभ्यर्थियों को जल्द मेधा सूची का प्रकाशन करने का आश्वासन दिया तब जाकर अभ्यर्थी वापस लौटे. इस दौरान समाहरणालय पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा.
