उत्साह. जिले में धूमधाम से मना रक्षाबंधन का त्योहार, राखी बांध भाइयों से मांगा प्यार
बक्सर/डुमरांव/राजपुर : भाई-बहनों का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन सोमवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर के हर गली मोहल्लों में त्योहार को लेकर चहल-पहल बनी रही. बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध कर उनसे रक्षा का वचन लिया. भाई के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी. रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही मिठाई की दुकानों पर भीड़ लगी रही. बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर प्यार का प्रतीक राखी को बांधकर प्यार और स्नेह जताया.
वहीं, भाइयों ने उपहार देकर बहनों को सदा प्रेम करने का वचन दिया. सोमवार को रक्षा बंधन का शुभ मुहूर्त 11.05 से 1.52 बजे तक रहा. मुहूर्त देखते ही बहने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी और उनकी सलामती की दुआं मांगी. वहीं, भाइयों ने उनकी रक्षा का संकल्प लिया और बहनों को उपहार भेंट किया. त्योहार को लेकर मिठाई की दुकानों पर काफी भीड़ रही. चौक रोड, शहीद गेट, गोला रोड, स्टेशन रोड, माॅडल थाना समेत अन्य जगहों पर स्थित मिठाई की दुकानों पर काफी भीड़ देखी गयी. कई जगहों पर मिठाइयां दोपहर बाद तक खत्म हो चुकी थीं. राखी बांधने के लिए कई बहने अपने मायके पहुंची थीं, तो कई भाई भी अपने बहनों के घर पहुंचे हुए थे. ऐसे में राखी बांधने के बाद घुमने का दौर भी चलता रहा. पूर्णिमा के दिन नगर देवी मां डुमरेजनी मंदिर का वार्षिकोत्सव पूजन होता, जिसको लेकर आस-पास व दूर-दराज के लोग लगनेवाले मेले में शामिल होकर मां का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किये. नगर के नये-नये खुले रेस्टोरेंट में भी भीड़ देखने को मिली.
सेंट्रल जेल में भी बंदियों को बांधी गयी राखी : जेल में बंदियों को राखी बांधने के लिए सुबह से ही जेल गेट पर बहनों के आने का तांता लगा रहा.
एक-एक कर बहनों ने बंदियों की कलाई पर राखी बांधी. इसको लेकर जेल प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था किये गये थे. महिला जवानों द्वारा तलाशी लेने के बाद राखी बांधने के लिए बहनों को अंदर भेजा जा रहा था.
सोमवार को रक्षाबंधन को लेकर कोरानसराय बाजार में काफी चहल-पहल बनी रही. जबकि भाई-बहन के अटूट रिस्ते का पर्व के साथ अंतिम सोमवारी को लेकर मिष्ठान व फलों की दुकानों सहित राखी की दुकानों पर देर शाम तक खरीदारी को लेकर महिलाओं की काफी संख्या में भीड़ लगी रही.
