काला कपड़ा पहन चोरी की घटना को देते थे अंजाम
भिखारी यादव पहले भी चोरी की घटना में गया था जेल
बक्सर : ब्रह्मपुर पुलिस ने पुरवां गांव में छापेमारी कर चोरी के सामान के साथ दो चोरों को धर दबोचा. पकड़े गये चोरों में पुरवां गांव निवासी भिखारी यादव तथा शिवकुमार यादव शामिल हैं. पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूर्व में भी भिखारी यादव चोरी की घटना में जेल जा चुका है. विदित हो कि चार अगस्त को लालजी साह के घर से लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था.
इसे लेकर लालजी साह द्वारा स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद से ही घटना में शामिल चोरों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगी हुई थी. थानाध्यक्ष डीएन सिंह को जैसे ही पता चला कि चोरी का सामान भिखारी यादव के घर में रखा हुआ है. डीएन सिंह ने टीम गठित कर छापेमारी की, जहां से चोरी के सामान के साथ दोनों को गिरफ्तार किया गया. गृहस्वामी ने भी दोनों को पहचान लिया है.
काला कपड़ा पहन चोरी की घटना को देते थे अंजाम : पूछताछ के दौरान चोरों ने बताया कि काला कपड़ा पहनकर चोरी की घटना को अंजाम दिया करते थे, ताकि हो हंगामा होने पर भी अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों आसानी से निकल सकें. पुलिस ने काला कपड़ा भी बरामद कर लिया है
थानाध्यक्ष डीएन सिंह ने बताया कि भिखारी यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. हाल में जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था.
