बक्सर : सीमांचल एक्सप्रेस की पार्सल बोगी में लूटकांड का मास्टरमाइंड अभी गिरफ्तार भी नहीं हुआ था कि अपर इंडिया एक्सप्रेस की पार्सल बोगी को काट कर लाखों का सामान गायब कर अपराधियों ने सनसनी फैला दी. इसकी जानकारीमिलते ही डाउन में जा रही अपर इंडिया एक्सप्रेस को रोक कर जांच की गयी तो एसएलआर बोगी कटी मिली. इसकी जानकारी मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया. जांच के दौरान पाया गया कि कई सामान गायब हैं.
हालांकि, इसका आंकड़ा अब तक नहीं मिल पाया है. आरपीएफ इसकी जानकारी मुख्यालय को देते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार अपर इंडिया एक्सप्रेस डाउन में पटना की तरफ जा रही थी. इसी दौरान अपराधियों ने जैक कटर से पार्सल बोगी को काट कर उसमें का सामान गायब कर दिया. सामान कहां गायब किया गया है और कितने का था, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है. इस घटना के बाद एक बात तो साफ हो गयी है कि ट्रेन लूट गिरोह के सदस्य दानापुर रेल मंडल में सक्रिय हैं.
16 जुलाई को सीमांचल एक्सप्रेस में हुई थी लूट
16 जुलाई को डाउन में जा रही सीमांचल एक्सप्रेस की एसएलआर बोगी को काट कर 10 पार्सल गायब कर दिये गये थे. इस दौरान लूट गिरोह के एक सदस्य को एस्कार्ट टीम ने गिरफ्तार कर लिया था. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सासाराम में छापेमारी कर गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार किया था. लूट के सामान के साथ 18 पार्सल के बोरे बरामद किये थे.
