बक्सर : केंद्र सरकार के कार्यक्रम सबका साथ, सबका विकास सम्मेलन में आमंत्रित नहीं किये जाने से सदर विधायक नाराज हैं. कार्यक्रम सोमवार को किला मैदान में होना है. कार्यक्रम का आयोजन एसजेवीएन थर्मल पावर, चौसा करा रहा है. बक्सर सदर से कांग्रेस विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने कार्यक्रम के बहिष्कार के साथ ही काला झंडा दिखाने और कार्यक्रम नहीं होने देने की चेतावनी दी है. कहा कि मेरे कार्यक्षेत्र में आयोजन हो रहा है. यह किसी पार्टी का नहीं,
सरकार का कार्यक्रम है. उन्हें इसकी सूचना नहीं देकर प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया गया है. इस संबंध में एसजेवीएन थर्मल पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने शिमला स्थित मुख्य कार्यालय को तीन नेताओं के ही नाम भेजे हैं. इसमें लोकसभा सांसद सत्यपाल सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार व स्थानीय सांसद अश्विनी कुमार चौबे का नाम शामिल है. उन्होंने माना कि प्रोटोकॉल के मुताबिक सदर विधायक का नाम होना चाहिए था. साथ ही कहा कि भविष्य में ऐसी भूल दुबारा न हो इसका ख्याल रखा जायेगा.
