बिहार में प्रेम विवाह करनेवाली लड़की को बाइक पर टांग ले गये मायके वाले, भाई पर दर्ज हुआ अपहरण का केस

जिले के बथनाहा ओपी क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज लड़की के मायके वालों ने न केवल लड़के के पिता के साथ बुरी तरह मारपीट की और उनका बायां हाथ तोड़ दिया, बल्कि ससुराल पहुंचकर लड़की को जबरन बाइक पर बैठा कर वहां से फरार हो गये. लड़की के ससुरालवालों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.

अररिया. जिले के बथनाहा ओपी क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज लड़की के मायके वालों ने न केवल लड़के के पिता के साथ बुरी तरह मारपीट की और उनका बायां हाथ तोड़ दिया, बल्कि ससुराल पहुंचकर लड़की को जबरन बाइक पर बैठा कर वहां से फरार हो गये. लड़की के ससुरालवालों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. लड़की के ससुर ने ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त करते हुए बथनाहा ओपी में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी.

भाई के खिलाफ मामला दर्ज 

सूचना के बाद मौके पर बथनाहा थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन पहुंचे. मामले की जांच की. इसके बाद फारबिसगंज एसडीपीओ खुशरू सिराज और बथनाहा ओपी अध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा की गयी युवती को सुरक्षित बरामद किया. लड़की को बरामद करने के बाद लड़के वालों को सौंप दिया गया. इस मामले में भी बथनाहा ओपी में लड़की के भाई के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है.

सामाजिक पंचायत में भी नहीं हुआ फैसला

बताया जाता है कि पिछले दिनों दोनों परिवार को पता चला कि लड़का और लड़की एक दूसरे से प्यार करते हैं. 22 वर्षीय युवक टेंट का कारोबार करता है. लड़की के परिजनों ने इसको लेकर सामाजिक स्तर पर पंचायत भी की. इसी क्रम में 28 मई को श्यामनगर चौक स्थित पंचायत के मुखिया मनोरंजन कुमार मंडल उर्फ लालो मंडल के कार्यालय में युवक के पिता को बुलाया गया. पंचायत में कोई फैसला नहीं हो सका.

ससुर का हाथ तोड़ा 

लड़के के पिता का कहना है कि पंचायत से लौटते वक्त लड़की वालों ने रास्ते में गाली देते हुए उनपर जानलेवा हमला किया. उनका बायां हाथ तोड़ दिया. मुंह से खून आने लगा. मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया. अज्ञात लोगों ने घायल अवस्था में सड़क पर पड़े होने की सूचना परिजनों को दी. फिर फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद शिकायत दर्ज करायी गयी.

बाइक पर उठा ले गये

इस बीच, युवक और युवती ने सुपौल कोर्ट में शादी कर ली. लड़की मायके के विरोध को नजरअंदाज करते हुए पति के साथ ससुराल आ गयी. यह बात उसके मायके वालों को बर्दाश्त नहीं हुआ. उनके भाई मोटरसाइकिल से बहन के ससुराल आये और पहले तो बहन से मिलने की बात कही. जब बहन सामने आयी तो जबरन उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ लेकर फरार हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >