नालंदा: धान रोपाई के दौरान ठनका गिरा, महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस

बिंद थाना क्षेत्र के महदीपुर गांव में धान की रोपाई करते समय वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. यह दुखद हादसा उसकी बेटियों के सामने हुआ, जो सदमे में हैं.

Biharsharif News : बिंद थाना क्षेत्र के महदीपुर गांव में धान की रोपाई के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान महदीपुर गांव निवासी नरमद राम की करीब 40 वर्षीय पत्नी रामदुलारी देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

धान की रोपाई करते समय हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि रामदुलारी देवी अपनी दो पुत्रियों बनीता और मनीता के साथ गांव के खंधा में किसानों के खेत में धान की रोपाई कर रही थीं. इसी दौरान अचानक वज्रपात हो गया. ठनका गिरने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि दोनों पुत्रियां भी सदमे से खेत में गिर पड़ीं.

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद आसपास खेत में काम कर रहे किसानों और महिलाओं ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामदुलारी देवी को मृत घोषित कर दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि मृतका के पति दूसरे राज्य में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रामदुलारी देवी भी मजदूरी कर परिवार चलाने में सहयोग करती थीं. उनके तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं. मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, मुआवजे का आश्वासन

सूचना मिलने पर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ भेज दिया. अंचलाधिकारी रामायण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mukul nath

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >