बिहारशरीफ. बुधवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे चंडी थाना क्षेत्र के सतनाग गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में चंडी के गोखुलपुर निवासी दिलीप पासवान के 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार की मौत हो गई.उसके साथ चल रहे गांव के ही एक किशोर जख्मी हो गया, जिसका इलाज चल रहा है. दोनों किशोर चंडी स्थित सरकारी विद्यालय में पढ़ने जा रहा था.मृत किशोर सरकारी विद्यालय के 9वीं क्लास का छात्र है. मृतक के परिजनों ने बताया कि शिवम अपने एक दोस्त के साथ चंडी स्थित स्कूल पैदल जा रहा था. अभी वह घर से 500 मीटर की दूरी तय की थी कि उसी दौरान एक निजी विद्यालय के वाहन ने उसे कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गयी . शिवम की मौत की कुछ सूचना स्थानीय लोगों ने उसके परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे ,जहां देखा कि किशोर का शव पड़ा हुआ है .शिवम के पिता दो साल पूर्व चेन्नई से लौटने के दौरान ट्रेन में गुम हो गए थे ,जो आजतक घर वापस नहीं आये.वह चेन्नई में ही एक फैक्ट्री में कामगार थे. बीमार होने पर घर लौट रहे थे. गोखुलपुर के कुछ लोग नूरसराय के उस निजी विद्यालय में पहुंचे, जिसके वाहन से कुचलने का दावा किया जा रहा है.
मृत किशोर की मां पर टूटा दुखों का पहाड़
मृत किशोर शिवम के पिता 2 साल पूर्व चेन्नई से आने के दौरान ट्रेन में ही गुम हो गए थे .इसके बाद किशोर पर पिता का साया उठ गया. किशोर मां की गोद में पला और बढ़ा. मां का दिल बेटे के प्रति लगा हुआ था कि आगे चलकर कुछ करेगा लेकिन शिवम कि अचानक सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से उसकी मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मौत की सूचना मिलने के बाद शिवम की मां दहाड़ और चीत्कार मार कर रोने लगी .गांव के लोग शिवम की मां को ढाढंस बंधाया और यह कहकर सांत्वना दिलायी कि विधि के विधान को कोई टाल नहीं सकता. चंडी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया .उन्होंने बताया कि आवेदन नहीं मिला है .फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है .उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
