नालंदा : साइकिल से जा रही छात्रा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा, इलाज के दौरान हुई मौत, गांव में शोक

Nalanda News : बिहार के बिहारशरीफ में सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की मौत से सनसनी फैल गई. अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया. इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे परिवार में मातम पसर गया है.

Nalanda News : नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आयी है. सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 14 वर्षीय छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.

मृतका की पहचान गंगा बिगहा गांव निवासी रमेश प्रसाद की 14 वर्षीय पुत्री रत्नशीला कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि रत्नशीला तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी और गांव के एक निजी स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा थी.

ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा

मृतका के भाई रोहित कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह वह साइकिल से अपनी बहन के घर दीपनगर बाजार जा रही थी. इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी. परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

स्थानीय लोगों की मदद से उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया. परिजन एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने ट्रैक्टर की पहचान की, जांच शुरू

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर की पहचान कर ली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

Also Read : 30 जुलाई से शुरू होगा सावन, गयाजी के शिवालयों में उमड़ेगी आस्था की भीड़, तैयारियां तेज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >