Biharsharif Chain Snatching Case (निरंजन कुमार) : बिहारशरीफ के बिहार थाना क्षेत्र में महिला से चेन छिनतई के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से छीनी गई सोने की चेन, एक देसी पिस्तौल और घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद की है.
नई सराय और बरादरी के बीच 21 अगस्त को हुई थी छिनतई
इस संबंध में एसडीपीओ 1 ने बताया कि 21 अगस्त की शाम करीब पांच बजे नई सराय और बरादरी के बीच मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने एक महिला से झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन छीन ली थी. घटना के संबंध में बिहार थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था.
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 3 आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय अमन कुमार, शुभम कुमार तथा 63 वर्षीय विजय प्रसाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
अमन कुमार के घर से पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चेन छिनतई में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा आरोपी अमन कुमार के घर से एक देसी पिस्तौल बरामद की है. साथ ही छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है.
बिहार और लहेरी थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से की छापेमारी
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाले छापेमारी दल में बिहार थाना और लहेरी थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे.
