नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के खोरमपुर गांव में शनिवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बंद पड़े रिटायर्ड दरोगा लक्ष्मण ठाकुर के घर का मुख्य गेट, चार कमरे, गोदरेज और बक्से का ताला तोड़कर चोरों ने पचास हजार रुपये नकद, करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण कागजात तथा अन्य कीमती सामान चुरा लिया.
इतना ही नहीं, चोरों ने गांव के दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया. लगातार हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
मां के इलाज के लिए गए थे शहर, सुबह ग्रामीणों ने दी सूचना
भुक्तभोगी गृहस्वामी खोरमपुर गांव निवासी रिटायर्ड दरोगा लक्ष्मण ठाकुर का पुत्र कुंदन कुमार इस्लामपुर के गौरव नगर मोहल्ले में किराये के एक मकान में रहकर अपने बच्चों की पढ़ाई कराता है. लक्ष्मण ठाकुर की पत्नी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही हैं.
शनिवार को उनकी तबीयत खराब होने पर पुत्र अपनी मां को इलाज के लिए इस्लामपुर लाया था. इसके बाद लक्ष्मण ठाकुर भी शनिवार की शाम घर में ताला लगाकर बेटे के पास इस्लामपुर चले आए.
रविवार की सुबह ग्रामीणों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर और दालान का मुख्य गेट टूटा हुआ है. सूचना मिलते ही लक्ष्मण ठाकुर गांव पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए.
गोदरेज और बक्से तोड़कर सामान किया गायब
चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चार कमरों का ताला तोड़कर अंदर रखे गोदरेज व बक्सों से पचास हजार रुपये नकद, करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, जरूरी दस्तावेज तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. चोरों ने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था.
पीड़ित लक्ष्मण ठाकुर ने बताया कि चोरों ने घर के बगल में बने उनके दालान का भी ताला तोड़ दिया और वहां रखा सामान भी बिखेर दिया. इससे स्पष्ट होता है कि चोरों ने काफी देर तक इत्मीनान से घटना को अंजाम दिया.
दो अन्य मकानों को भी चोरों ने बनाया निशाना
चोरों ने वारदात के दौरान गांव के ही मुन्ना सिपाही के घर को भी निशाना बनाया. वहां भी मुख्य गेट का ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली गई, लेकिन घर खाली होने के कारण चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा.
इसके अलावा कुछ ही दूरी पर रहने वाले चंद्रभूषण प्रसाद के घर में भी चोर घुस गए. वहां मुख्य गेट और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की कानबाली चोरी कर ली.
बाहर से कुंडी बंद कर इत्मीनान से की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों ने बताया कि चोर बेहद शातिर और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने आए थे. चोरी करने से पहले उन्होंने आसपास के चार-पांच घरों की सिटकनी बाहर से बंद कर दी थी, ताकि रात में कोई बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सके.
सुबह जब लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बाहर से बंद होने का पता चला. इसके बाद लोगों ने शोर मचाया, तब आसपास के ग्रामीण पहुंचे और दरवाजा खोलकर लोगों को बाहर निकाला.
घटना की जानकारी मिलते ही इस्लामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय चोर गिरोहों की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी.
