जन्मदिन की खुशी में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद युवक गिरफ्तार

जन्मदिन के मौके पर हर्ष फायरिंग कर वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया.

राजगीर. जन्मदिन के मौके पर हर्ष फायरिंग कर वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामला नालंदा थाना क्षेत्र के पचवाड़ा गांव से जुड़ा है. जितेंद्र सिंह के पुत्र गोलू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गोलू कुमार द्वारा अपने जन्मदिन पर देशी कट्टा से हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था. डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि 28 जनवरी की सुबह नालंदा थानाध्यक्ष को एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक युवक अपने दोस्तों के साथ हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा था. वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष टीम का गठन किया. टीम द्वारा पचवाड़ा में छापामारी कर मौके से गोलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि वीडियो में 20 से 25 वर्ष उम्र के तीन-चार युवक मस्ती कर रहे हैं. उनमें से एक युवक अपने हाथ में देसी कट्टा लेकर हवाई फायरिंग कर रहा है. डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त एक देसी कट्टा एवं एक जिंदा गोली बरामद की गयी है. पुलिस के समक्ष दिये गये स्वीकारोक्ति बयान में गोलू कुमार ने बताया कि उसने अपने जन्मदिन के अवसर पर दोस्तों के साथ गांव में पार्टी का आयोजन किया था. उसी दौरान उसके दोस्तों रौशन राज, पिता मुकेश सिंह, टिल्लू उर्फ अजय कुमार, पिता बबलू सिंह एवं अमन उर्फ शिवम, पिता छोटे सिंह सभी निवासी पपरनौसा, थाना नूरसराय, जिला नालंदा के साथ मिलकर हर्ष फायरिंग की गयी. पुलिस ने इस मामले में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. डीएसपी ने कहा कि अवैध हथियार का प्रयोग और हर्ष फायरिंग कानूनन गंभीर अपराध है. इससे न केवल सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा होता है, बल्कि कानून-व्यवस्था भी प्रभावित होती है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस छापामारी अभियान में डीएसपी सुनील कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक संजय कुमार, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, सअनि चंद्रभूषण पांडेय, प्रमोद कुमार राव सहित रैपिड रिस्पॉन्स एवं रिजर्व गार्ड के कई सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >