राजकीय डिग्री कॉलेज में 15 जनवरी से लागू होगा ड्रेस कोड

शहर के राजकीय डिग्री कॉलेज की लचरपचर व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.

प्रतिनिधि, राजगीर.

शहर के राजकीय डिग्री कॉलेज की लचरपचर व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता ने की. बैठक में कई अहम निर्णय लिए गये हैं. बैठक में निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय में उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं अकादमिक प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. इसके लिए एक स्क्रीनिंग कमिटी का गठन किया गया है, जिसमें डॉ. करार अहमद, डॉ. प्रगति पांडेय और डॉ. मनीष कुमार भट्ट को शामिल किया गया है. यह कमिटी शिक्षकों के कार्य निष्पादन का मूल्यांकन कर चयन करेगी. प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने शिक्षकों से दो टूक कहा कि सभी को कथनी और करनी में एकरूपता लानी होगी. उन्होंने शिक्षकों से अपनी शिक्षण शैली को अधिक गुणात्मक, प्रभावी और रुचिकर बनाने का सुझाव दिया है, ताकि छात्र-छात्राओं की कक्षा में उपस्थिति और सहभागिता में वृद्धि हो सके. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमित कक्षाओं का संचालन और निर्धारित समय सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करना भी अनिवार्य होगा. इसके साथ ही नियमित संचालित कक्षाओं का विवरण कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड करने तथा सभी शिक्षकों को अपना प्रोफाइल अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया है.

बैठक में छात्र-छात्राओं के लिए 15 जनवरी से ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया गया. बिना ड्रेस कोड और परिचय पत्र के किसी भी छात्र-छात्रा को महाविद्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस निर्णय के अनुपालन के लिए ड्रेस कोड कमिटी का गठन किया गया है. प्राचार्य ने यह भी बताया कि यदि कोई छात्र-छात्रा लगातार 15 दिनों तक बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया, तो उसका नामांकन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा. इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. शिक्षकों के अवकाश को लेकर प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि अवकाश स्वीकृति तभी दी जाएगी, जब संबंधित शिक्षक अपने विषय की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. अतिथि शिक्षकों को प्रत्येक कार्य दिवस में अधिकतम दो कक्षाएं लेने का निर्देश दिया गया है. वहीं सेमेस्टर पाँच के छात्र-छात्राओं की इंटर्नशिप प्रक्रिया दो कार्य दिवस के भीतर पूर्ण करने का निर्णय लिया गया है. बैठक में महाविद्यालय की शोध पत्रिका प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया है. इसके लिए एक संपादकीय कमिटी बनाई गई है, जिसमें विज्ञान संकाय से डॉ. प्रगति पांडेय, सामाजिक विज्ञान से डॉ. पिंकी आर्या, वाणिज्य संकाय से डॉ. राहुल प्रसाद और मानविकी संकाय से डॉ. शारदा कुमारी को नामित किया गया है. सभी शिक्षक अपने-अपने विषय से संबंधित शोध पत्र जमा करेंगे. इसके अलावा अर्द्धवार्षिक न्यूज़ बुलेटिन के प्रकाशन का निर्णय लिया गया. गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई है, जिसमें आमंत्रण पत्र, एनएसएस प्रभात फेरी, निबंध, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के लिए समितियों का गठन किया गया है. बैठक में विज्ञान सहित सभी प्रयोगशालाओं को सुव्यवस्थित करने तथा महाविद्यालय के आवश्यक भौतिक संसाधनों की खरीद पर भी विचार-विमर्श किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >