गन्ने की खेती में आएगा बड़ा बदलाव! किसानों को वैज्ञानिकों ने बताए अधिक पैदावार के आधुनिक तरीके

राजगीर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, आधुनिक तकनीक और बेहतर उत्पादन के वैज्ञानिक तरीके सिखाए गए.

Nalanda News: जिले के राजगीर स्थित चक्रपाणि रेजिडेंशियल स्कूल परिसर में गन्ना उद्योग विभाग की राज्य योजना के तहत एक दिवसीय गन्ना कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने भाग लिया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ना और गन्ने की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि करना था.

कृषि वैज्ञानिकों ने दिए उन्नत उत्पादन और गुणवत्ता सुधार के मंत्र

कार्यक्रम की शुरुआत चक्रपाणि रेजिडेंशियल स्कूल के प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता द्वारा गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक-सह-उप निदेशक, ईख प्रसार पदाधिकारी तथा आमंत्रित कृषि वैज्ञानिकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई. प्रशिक्षण सत्र के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत प्रभेदों (बीज) के चयन, ट्रेंच विधि से बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और जल संरक्षण की ड्रिप सिंचाई तकनीक के बारे में विस्तार से समझाया.

कीट एवं रोग नियंत्रण के जैविक उपायों की जानकारी देते हुए विशेषज्ञों ने किसानों को लागत घटाकर गन्ने की गुणवत्ता व मिठास बढ़ाने के तरीके बताए, जिससे किसानों को उपज का अधिकतम मूल्य मिल सके.

अधिकारियों ने किया विद्यालय का भ्रमण

प्रशिक्षण सत्र के उपरांत विभागीय पदाधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों ने विद्यालय परिसर का सघन भ्रमण किया. उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, डिजिटल क्लासरूम, आवासीय सुविधाओं, खेल के मैदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. विद्यालय के सुव्यवस्थित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक प्रबंधन की पदाधिकारियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की.

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारी और कृषक | Prabhat Khabar Network

कम समय में बनाई विशिष्ट पहचान: विभागीय अधिकारी

"चक्रपाणि रेजिडेंशियल स्कूल ने बहुत ही कम समय में शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है. बच्चों का शिष्टाचार, आत्मविश्वास और अनुशासन अत्यंत प्रभावशाली है. जिस प्रगति के साथ यह विद्यालय आगे बढ़ रहा है, निश्चित तौर पर आने वाले समय में यह नालंदा जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शुमार होगा." सहायक निदेशक-सह-उप निदेशक एवं ईख प्रसार पदाधिकारी, गन्ना उद्योग विभाग

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता, समस्त शिक्षकगण और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

Also Read: बिहारशरीफ : सोईवा नदी का बढ़ा जलस्तर तो तटबंध में शुरू हुआ कटाव, अधिकारी पहुंचे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >