बिहारशरीफ. जिले के प्रारंभिक विद्यालयों में आयोजित मिशन दक्ष के तहत पढ़ने वाले बच्चों की विशेष परीक्षा 28 मई को होगी. इस विशेष परीक्षा का आयोजन एक ही पाली में 10:30 बजे से 1:00 तक किया जाएगा. इसके लिए विभाग द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है. विशेष दक्ष कक्षाओं में जिले के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के वर्ग तीन, चार, छह एवं सात के वैसे कमजोर विद्यार्थी पढ़ रहे थे जो सत्र 2023- 24 की वार्षिक परीक्षा में या तो असफल हो गए थे अथवा अनुपस्थित हुए थे. राज्य कार्यालय से जिला शिक्षा पदाधिकारी को परीक्षा की तैयारी करने का निर्देश दिया गया है. हालांकि विद्यार्थियों के लिए प्रश्न पत्र सह उत्तर पुस्तिका का निर्माण एससीईआरटी के द्वारा कराया गया है. परीक्षा के पूर्व जिले को प्रश्न पत्र सह उत्तरपुस्तिका उपलब्ध कराई जाएंगी .इन्हीं प्रश्न पत्रों से मिशन दक्ष के तहत छात्र-छात्राओं की परीक्षा ली जाएगी. वर्ग 5 तथा 8 के बच्चे मिशन दक्ष की इस विशेष परीक्षा में शामिल नहीं होंगे. इनके लिए विभाग के द्वारा पुन: परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. यह परीक्षा 21 से 28 मई के बीच आयोजित की जाएगी. उक्त आशय की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार ने दी. मूल विद्यालय में ही आयोजित होगी विशेष दक्ष परीक्षा
बच्चों की सुविधा का ध्यान रखते हुए विभाग के द्वारा विशेष दक्ष परीक्षा का आयोजन बच्चों के मूल विद्यालय में ही किया जाएगा. हालांकि विद्यालय के शिक्षक अपने ही विद्यालय के बच्चों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं करेंगे. विभाग द्वारा निर्देश दिया गया है कि आस पड़ोस के अन्य विद्यालयों से उत्तर पुस्तिकाओं की अदला बदली कर उनकी जांच की जाएगी. विशेष दक्ष परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 29-30 मई को पूरी कर ली जाएगी. बच्चों के प्राप्तांक को पंजी में संधारण भी किया जाएगा. इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नति भी दी जाएगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
