Biharsharif SP Night Inspection (रंजीत सिंह) : अपराध नियंत्रण और रात्रि पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिहारशरीफ एसपी हृदय कांत ने सोमवार की देर रात से मंगलवार की अहले सुबह तक जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया. मध्यरात्रि में एसपी अचानक सरमेरा, लहेरी और रहुई थाना पहुंचे, जिससे थानों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों में सक्रियता बढ़ गई.
उपस्थिति और कार्यप्रणाली की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जांच की.
उन्होंने रात्रि ड्यूटी में तैनात पदाधिकारियों से क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जानकारी ली. साथ ही यह भी देखा कि रात्रि के समय पुलिस गश्ती किस प्रकार संचालित की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी कितनी प्रभावी है.
लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन और सतर्कता का निर्देश
एसपी ने थाना की कार्यशैली की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रि गश्ती में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
संदिग्धों की जांच और जनहितकारी पुलिसिंग पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए. उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाने पर भी जोर दिया.
पुलिसकर्मियों में बढ़ी सजगता
एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में ड्यूटी के प्रति सजगता बढ़ी है और रात्रि पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
