बिहारशरीफ-चंडी मुख्य मार्ग से नूरसराय के संगत बाजार तक शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. दुकानदारों द्वारा सड़क के किनारे और दुकानों के आगे किये गये अतिक्रमण को बुलडोजर और जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया.
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाये गये पक्के चबूतरे और अन्य निर्माण को जेसीबी से तोड़कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
पहले दी गयी थी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
नूरसराय के अंचलाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले कई दिनों से संबंधित लोगों को सूचना देकर अपने-अपने अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी दी जा रही थी. प्रशासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया था कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर पुलिस-प्रशासन की ओर से उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा. इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर शुक्रवार को कार्रवाई की गयी.
नाला भरकर किये गये अतिक्रमण भी हटाये जा रहे
अंचलाधिकारी ने बताया कि नूरसराय में नाला को भरकर किये गये अतिक्रमण को भी चिह्नित कर हटाया जा रहा है. इसके अलावा हिलसा-नूरसराय सड़क के चौड़ीकरण को लेकर सड़क की जद में आने वाले कई पक्के मकानों को चिह्नित किया गया है. इन मकानों को भी नियमानुसार हटाया जाएगा.
पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे थानाध्यक्ष
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नूरसराय थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार दलबल के साथ कार्रवाई पूरी होने तक मौके पर मौजूद रहे. प्रशासन की सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा.
