Nalanda News : राज्य सरकार के निर्देशानुसार गरीबों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे दर्जनों लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, क्रियान्वयन, सक्षम लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है अथवा नहीं, योजना के क्रियान्वयन में सरकारी कर्मचारी द्वारा कितना भुगतान किया गया और धरातल पर योजना कितना फीसदी क्रियान्वित हुआ, इसकी समग्र समीक्षा के लिए 'सरकार आपके द्वार' के अंतर्गत प्रखंड की सात पंचायतों में सहयोग शिविर का पंचायत स्तर पर आयोजन किया गया.
राज्य सरकार के अनुसार, इन आयोजित सहयोग शिविरों में अनुमंडल से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों को उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देनी है. इसके साथ ही योजना के लाभार्थियों का आवेदन, योजना में गड़बड़ी से संबंधित आवेदन, लंबित कार्यों से संबंधित योजना पूर्ण अथवा सुधार का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर गरीबों व ग्रामीणों को सुविधा प्रदान करना है.
अधिकारियों ने किया ऑन द स्पॉट शिकायतों का निष्पादन
प्रखंड क्षेत्र के सात पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर के तहत बौरीडीह एवं ढेकवाहा पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल ने ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया. वहीं, चंधारी एवं आत्मा पंचायत में भूमि उपसमाहर्ता हिलसा रश्मि कुमारी ने गरीबों के आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया.
इसके साथ ही प्रखंड के रानीपुर, बेले एवं पचलोवा पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को सहयोग पोर्टल पर विभिन्न विभागों के द्वारा प्राप्त आवेदनों को निष्पादित किया गया.
शिविर में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
सहयोग शिविर में पचलोवा मुखिया आशुतोष कुमार उर्फ पवन कुशवाहा, रानीपुर मुखिया रिंकू देवी, बेले मुखिया रंजू देवी, आत्मा पंचायत मुखिया धनंजय कुमार, चंधारी पंचायत मुखिया विद्या देवी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अमित कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्यम प्रकाश, आवास पर्यवेक्षक संदीप कुमार, राजस्व अधिकारी अंतरिक्ष दीप, उमेश पासवान, पैक्स अध्यक्ष विजेन्द्र यादव, उषा सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य अनिल कुमार, प्रवीण कुमार यादव, सतीश कुमार उर्फ डॉ. पिंटू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.
