राजगीर रोपवे अचानक हवा में रुका, 20 पर्यटक 2 घंटे तक रहे फंसे

राजगीर रोपवे में आकाशीय बिजली गिरने से चार केबिन हवा में फंस गए. प्रशासन के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

Rajgir Passengers Stuck In Ropeway Cabins : श्रावण मास के चलते इन दिनों राजगीर में भक्तों और पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है. मंगलवार की शाम भी बड़ी संख्या में लोग रोपवे के जरिए विश्वशांति स्तूप की ओर गए थे. इसी दौरान मौसम ने ऐसा करवट लिया कि कुछ ही मिनटों में हालात बदल गए. तेज गर्जना, चमकती आकाशीय बिजली और अचानक आई तकनीकी खराबी ने रोपवे की रफ्तार थाम दी. देखते ही देखते विश्वशांति स्तूप से लौट रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरे चार केबिन बीच आसमान में ही रुक गए. कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत में आ गया और लोगों की नजरें आसमान में अटके उन केबिनों पर टिक गईं.

अचानक थम गई रोपवे की रफ्तार

जानकारी के अनुस्सर बिजली गिरने से रोपवे का सर्किट प्रभावित हुआ, जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिस्टम ने खुद ही काम करना बंद कर दिया. नतीजा यह हुआ कि चार केबिन हवा में ही रुक गए.

Nalanda Tourism : केबिन में फंसे यात्रियों की बढ़ी बेचैनी

हवा में अटके केबिनों में फंसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वह पल बेहद मुश्किल भरा था. उमस और गर्मी के कारण अंदर बैठना मुश्किल हो गया. सीमित हवा के कारण घुटन जैसी स्थिति बनने लगी. कई लोग डर से घबरा गए, तो कुछ ने भगवान का नाम लेना शुरू कर दिया.

नीचे खड़े उनके परिजन और अन्य पर्यटक भी परेशान हो उठे. हर कोई सुरक्षित वापसी की उम्मीद में आसमान की ओर टकटकी लगाए रहा.

तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए. बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. करीब डेढ़ से दो घंटे तक चले इस अभियान में प्रशिक्षित टीम ने पूरी सावधानी के साथ एक-एक कर सभी यात्रियों को नीचे उतारा.

रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पहले संचालन रोका गया, फिर तकनीकी खराबी को ठीक किया गया और उसके बाद चरणबद्ध तरीके से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

जांच के बाद फिर शुरू हुआ संचालन

रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने के बाद इंजीनियरों ने पूरे सिस्टम की बारीकी से जांच की. ट्रायल रन में सब कुछ सामान्य मिलने के बाद रोपवे का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया.

सुरक्षित नीचे आने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना की. कई लोगों ने कहा कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

प्रशासन की अपील

घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही कहा गया है कि मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें और रोपवे के नियमों का भी ध्यान रखें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >