Rajgir Karate Championship : राजगीर के बाल कराटे खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता में आयोजित प्रतियोगिता में पदकों की झड़ी लगा दी. शहर के 11 खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीतकर न केवल राजगीर और नालंदा, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.
कोलकाता में आठ देशों के बीच कड़े मुकाबले और पदक
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में आठ देशों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कड़े मुकाबलों के बीच राजगीर के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए तीन स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया. खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने बिहार की खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया.
स्वर्ण पदक जीतने वालों में हर्ष राज, आकाश दीप और सृष्टि कुमारी शामिल रहे हैं. वहीं अनिका, मधु कुमारी और संस्कार सिंह ने रजत पदक अपने नाम किया. कांस्य पदक विजेताओं में कुमारी तृप्ति, रजनी कुमारी, परामाशी कुमार, प्रत्युष भारती तथा आयुष राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया. सभी खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया.
राजगीर रेलवे स्टेशन पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
प्रतियोगिता से लौटने पर मंगलवार को राजगीर रेलवे स्टेशन पर विजेता खिलाड़ियों और उनके कोच अश्विन पांडेय का भव्य स्वागत किया गया.
परिजनों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया. मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया. खिलाड़ियों के सम्मान में स्टेशन परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा.
कोच अश्विन पांडेय का बयान और खिलाड़ियों की मेहनत
कोच अश्विन पांडेय ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों ने कठिन अभ्यास जारी रखा. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की.
उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से राजगीर और आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक बच्चे कराटे सहित अन्य खेलों की ओर प्रेरित होंगे.
खेल प्रेमियों की प्रतिक्रिया और बेहतर सुविधाओं की मांग
खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस सफलता ने राजगीर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है. गोलू यादव, राजकुमार दांगी एवं अन्य स्थानीय लोगों ने सरकार और खेल विभाग से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की मांग भी की, ताकि भविष्य में वे देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें.
Also Read : मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के कारण सितंबर में बदलेगा ट्रेनों का रूट, गया जी के रास्ते चलेंगी कई ट्रेनें
