'देख लेने' की नौबत आई! राजगीर नगर परिषद बोर्ड की बैठक में जमकर हुआ हंगामा, जानें क्या है मामला...

Rajgir Nagar Parishad Board Meeting News: राजगीर नगर परिषद की सामान्य बैठक सभापति जीरो देवी की अध्यक्षता में हंगामेदार रही. सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधायक कौशल किशोर की मौजूदगी में पार्षदों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. बैठक में गंगाजल लीकेज मरम्मत, नए नल-जल कनेक्शन और बंद स्ट्रीट लाइटों के टेंडर को लेकर सर्वसम्मति से फैसले लिए गए. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

नालंदा से रामविलास की रिपोर्ट

Rajgir Nagar Parishad Board Meeting News: नालंदा जिले के राजगीर के स्थानीय शहरी निकाय गलियारे से जनता की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी खबर सामने आई है. नगर परिषद राजगीर के बोर्ड की सामान्य बैठक बुधवार को भारी गहमागहमी, तीखे आरोपों और नोकझोंक के बीच संपन्न हुई. इस बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की सभापति जीरो देवी ने की. बैठक में क्षेत्र की तमाम लंबित, अपूर्ण और पूर्ण हो चुकी विकास योजनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें वार्ड पार्षदों ने जनहित के मुद्दों को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया.

बैठक में मौजूद पार्षद व अधिकारी

गंगाजल की बर्बादी और नल-जल कनेक्शन में देरी पर बिफरे वार्ड पार्षद

बैठक की शुरुआत में कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और उनकी प्रगति रिपोर्ट को सदस्यों के सामने रखा, जिसके तुरंत बाद ही माहौल गरमा गया. वार्ड पार्षदों ने राजगीर में गंगाजल पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन में हो रहे बड़े लीकेज को कड़ा मुद्दा बनाया. पार्षदों ने कहा कि कई जगहों पर पाइप फटने से प्रतिदिन लाखों लीटर पीने योग्य शुद्ध गंगाजल व्यर्थ बह रहा है. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने पीएचईडी (PHED) के सहायक अभियंता को तत्काल मरम्मत करने और पानी की बर्बादी रोकने के कड़े निर्देश जारी किए. जिन वार्डों और चिन्हित मोहल्लों में अब तक नल-जल योजना का नेटवर्क नहीं पहुंचा है, वहां तुरंत नया पाइप बिछाने और नए कनेक्शन देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया.

बैठक में मौजूद पार्षद व अधिकारी

नेताओं की मौजूदगी में तल्ख हुए तेवर, देख लेने की दी गई धमकी

बैठक में हाल ही में निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति के गठन को सामान्य बोर्ड द्वारा औपचारिक मंजूरी दे दी गई. हालांकि, मुद्दों पर चर्चा के दौरान वार्ड पार्षदों और पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. क्षेत्र के सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं स्थानीय विधायक कौशल किशोर की मौजूदगी के बावजूद कुछ सदस्यों और अधिकारियों के बीच विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि बात एक-दूसरे को ‘देख लेने’ की धमकी तक पहुंच गई. कप्तानों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया जा सका.

बैठक में मौजूद पार्षद व अधिकारी

बंद स्ट्रीट लाइटों को बदलने के लिए जारी होगा नया टेंडर, संबंधित एजेंसियों पर कड़ा ऐक्शन

नगर परिषद ने क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है.

बैठक में तय किया गया कि शहर की जितनी भी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें हैं, उनकी तत्काल मरम्मत की जाएगी और जिन नए स्थानों पर जरूरत है, वहां नई लाइटें लगाने के लिए जल्द ही बड़ा टेंडर जारी किया जाएगा. पूर्व में जारी टेंडरों के बावजूद जिन एजेंसियों ने काम लटका कर रखा है, उनके कारणों की समीक्षा की गई और उन्हें कार्य में तेजी लाने की सख्त हिदायत दी गई. इस हंगामेदार बैठक में उपसभापति मुन्नी देवी, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य महेंद्र यादव, अनीता सिन्हा, कुमारी सविता चंद्रवंशी और डॉ. अनिल कुमार सहित कुल 31 वार्ड पार्षद मुख्य रूप से मौजूद रहे.

Also Read: राजगीर दोहरा हत्याकांड: परिजनों से मिले सांसद सुदामा प्रसाद; कहा- पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत से हुई हत्या

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >