ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार द्वारा राजगीर प्रखंड सभागार में मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत तीन पीड़ित परिवारों के बीच 20-20 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया. योजना के तहत राजगीर के धोबी टोला निवासी अनिता कुमारी, पति पिन्टू कुमार, पथरौरा निवासी श्याम सुंदरी देवी, पति भुनेश्वर राम तथा ठाकुर स्थान निवासी बिंदु देवी, पति ललन मिस्त्री को सहायता राशि प्रदान की गयी. तीनों परिवारों के सदस्यों की अलग-अलग दुर्घटनाओं में मौत हुई थी.
पीड़ित परिवारों को आर्थिक संकट में सहारा देती है सरकार
इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा या दुर्घटना में परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है.
ऐसे समय में सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि उन्हें कठिन परिस्थिति से उबरने में सहारा देती है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है.
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच गांवों के समग्र विकास की रही
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच गांवों के समग्र विकास की रही है. सरकार के प्रयासों से गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है.
राजगीर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दी गयी पहचान
उन्होंने राजगीर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. आज देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं. बिहार के पर्यटन स्थलों के विकास से राज्य में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है.
अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का विकास सरकार की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि दलित, महादलित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता रही है. मौके पर मुन्ना कुमार, जयराम सिंह, राकेश कुमार, कुमार वेदनिधि, सुबेन्द्र राजवंशी, श्याम नारायण प्रसाद, मनोज कुमार, आशुतोष कुमार पाण्डेय, बीडीओ एजाज आलम सहित अन्य मौजूद थे.
