Rajgir Theft News : पर्यटक नगरी राजगीर के महादेवपुर में रविवार की रात चोरों ने एक ताला बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. बदमाश नकद समेत करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, वस्त्र और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया है.
घटना की रात मकान मालिक अशोक सिंह चंदेल अपने प्रोफेसर पुत्र से मिलने जम्मू-कश्मीर गए हुए थे. उनके घर से बाहर रहने का फायदा उठाकर अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया है.
पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर पुलिस मौके पर पहुंची. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है. विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं. पुलिस द्वारा वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके.
जानकारी के अनुसार अशोक सिंह चंदेल करीब छह दिन पूर्व जम्मू-कश्मीर रवाना हुए थे. घर की सुरक्षा के लिए उन्होंने बाउंड्री पर लोहे की ग्रिल के ऊपर कांटेदार तार भी लगवाए थे, लेकिन चोर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चारदीवारी फांदकर परिसर में घुस गए.
कमरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवर चोरी
इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के छह कमरों के ताले तोड़कर भीतर रखी गोदरेज अलमारी, बक्से और अन्य सामान को खंगाल डाला.
महादेवपुर निवासी एवं पीड़ित के भतीजे डॉ. प्रवीण सिंह ने बताया कि बदमाश 35 हजार रुपये नकद, पांच चांदी की पायल, तीन जोड़ी सोने के झुमके, चांदी का नारियल, कांसे एवं पीतल के बर्तन, महंगे वस्त्र तथा अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए. इतना ही नहीं, घर में रखी एक गुल्लक भी तोड़ दी है. उसमें जमा नए-पुराने सिक्के भी समेट लिए.
बिस्कुट और ड्राई फ्रूट्स खाकर वारदात को दिया अंजाम
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोरों ने चोरी के दौरान घर के किचन में रखे बिस्कुट और ड्राई फ्रूट्स भी खाए. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश काफी देर तक घर के अंदर आराम से मौजूद रहे और बिना किसी घबराहट के वारदात को अंजाम दिया. हैरानी की बात यह है कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
पुलिस बयान और स्थानीय लोगों की चिंता
राजगीर के अपर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि मकान मालिक के बाहर रहने के कारण अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
हालांकि पुलिस ने स्वतः जांच शुरू कर दी है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना ने रात्रि पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
