राजगीर में अब स्कूटी से गश्त करेंगी ‘पुलिस दीदी’, स्कूल-कॉलेज से बाजार तक महिलाओं की सुरक्षा पर नजर

राजगीर में महिला पुलिसकर्मियों को तीन नई स्कूटी मिली हैं, जिन्हें 'पुलिस दीदी' के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. इनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करना है, खासकर स्कूल, कॉलेज और हॉटस्पॉट इलाकों में.

Rajgir Police Didi : राजगीर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरकार ने राज्य के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए 4,700 बाइक-स्कूटी उपलब्ध कराई है. इसी कड़ी में पर्यटक नगरी राजगीर को छह महिला पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों के लिए तीन स्कूटी मिली है.

इन वाहनों के माध्यम से ‘पुलिस दीदी’ के रूप में महिला पुलिसकर्मी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती करेंगी और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष नजर रखेंगी.

स्कूल, कॉलेज और हॉटस्पॉट इलाकों में रहेगी पुलिस दीदी की नजर

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘पुलिस दीदी’ स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल समेत उन सभी सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखेंगी, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक होती है. इसके अलावा सुनसान, संवेदनशील और हॉटस्पॉट वाले इलाकों में भी नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी.

छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न पर होगी तत्काल सख्त कार्रवाई

डीएसपी ने बताया कि छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, महिला उत्पीड़न, हिंसा अथवा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस व्यवस्था से असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा जाएगा.

आपातकालीन सेवा 112 के प्रति महिलाओं को करेंगी जागरूक

उन्होंने बताया कि महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाएंगी. ‘पुलिस दीदी’ लोगों, खासकर छात्राओं और महिलाओं को आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी जानकारी देंगी, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में वे तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें. जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराने के साथ थाना और 112 की टीम को भी सूचना दी जाएगी.

स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं व शिक्षकों से करेंगी सीधा संवाद

महिला पुलिसकर्मी स्कूल और कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं एवं शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगी और उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं व शिकायतों की जानकारी लेंगी.

राजगीर में मिली तीन स्कूटी का उपयोग हॉटस्पॉट और थाना क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा. इससे महिला सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सक्रिय, त्वरित और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >