Nalanda Support Person Application : नालंदा में पॉक्सो पीड़ित बच्चों को कानूनी, सामाजिक और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सपोर्ट पर्सन के पैनल गठन की प्रक्रिया चल रही है. जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से 30 पदों के लिए कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए थे. आवेदनों की जांच के बाद इनमें से सिर्फ 13 आवेदन ही निर्धारित योग्यता के अनुरूप पाये गये.
जांच में 66 आवेदन हुए अयोग्य
विभागीय जांच के दौरान 66 आवेदन विभिन्न कारणों से अस्वीकृत कर दिये गये हैं. विभाग की ओर से आवेदन और अस्वीकृति के कारणों की सूची जारी कर दी गयी है. अभ्यर्थी सूची देखकर यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि उनका आवेदन किस आधार पर अयोग्य पाया गया है.
योग्यता पूरी नहीं होने पर खारिज हुए आवेदन
कई आवेदनों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं होने की बात सामने आयी है. इसके अलावा उम्र सीमा पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन भी जांच के दौरान अस्वीकृत किये गये हैं. बाल संरक्षण क्षेत्र में न्यूनतम तीन वर्ष के अनुभव का प्रमाणपत्र नहीं देने के कारण भी कुछ आवेदन खारिज किये गये हैं.
जरूरी दस्तावेज और प्रपत्र में भी हुई गड़बड़ी
जांच में कुछ ऐसे आवेदन भी मिले, जिनके साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न नहीं थे. वहीं, निर्धारित प्रपत्र में आवेदन नहीं करने के कारण भी कई अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं किये गये. विभाग ने निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के आधार पर आवेदनों की जांच की है.
दावा आपत्ति का समय खत्म
अस्वीकृत अभ्यर्थियों को दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है. संबंधित अभ्यर्थी 18 सितंबर 2026 की शाम पांच बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते थे. इसके बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जायेगा.
इस पते पर भेजनी होगी दावा-आपत्ति
अभ्यर्थियों को अपनी आपत्ति सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला परिषद भवन, बिहारशरीफ, नालंदा के पते पर जमा करनी होगी. दावा-आपत्ति हाथों-हाथ या निबंधित डाक के माध्यम से दर्ज करायी जा सकती है.
वेबसाइट पर जारी हुई आवेदन की सूची
जिला प्रशासन की ओर से आवेदनों और उन्हें अस्वीकृत किये जाने के कारणों की सूची नालंदा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर जारी की गयी है. अभ्यर्थी सूची में अपना नाम और आवेदन की स्थिति देखकर अस्वीकृति का कारण जान सकते हैं. इसके बाद पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
पदों का वर्गवार विवरण
सपोर्ट पर्सन के कुल 30 पदों में अनारक्षित वर्ग के लिए 10 पद निर्धारित हैं. वहीं एससी/एसटी वर्ग के लिए आठ, बीसी/ईबीसी के लिए छह और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए छह पद निर्धारित किये गये हैं.
पॉक्सो पीड़ित बच्चों को मिलेगी सहायता
सपोर्ट पर्सन का पैनल पॉक्सो पीड़ित बच्चों को कानूनी प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित किया जा रहा है. इसके साथ बच्चों को सामाजिक और मनोवैज्ञानिक स्तर पर भी सहायता उपलब्ध कराने में सपोर्ट पर्सन की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.
Also Read : घर में बेकार पड़ा सामान फेंकें नहीं, बिहारशरीफ में यहां दें, जरूरतमंद मुफ्त ले जाएंगे
