बिहारशरीफ के पैठना ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की मौत, जमीन की रजिस्ट्री कराने जा रहे थे

Biharsharif News : बिहारशरीफ के पैठना स्थित ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. यह जोड़ा जमीन की रजिस्ट्री कराने बिहारशरीफ जा रहा था.

Biharsharif News : नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र अंतर्गत पैठना स्थित डेंटल कॉलेज के समीप ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जमीन की रजिस्ट्री कराने बिहारशरीफ जा रहा था दंपती

मृतकों की पहचान बेलछी थाना क्षेत्र के जोधन बीघा गांव निवासी 37 वर्षीय नीतीश कुमार, पिता विजय साहू, तथा उनकी 30 वर्षीय पत्नी विनीता देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों बाइक से बिहारशरीफ व्यवहार न्यायालय जमीन की रजिस्ट्री कराने जा रहे थे. इसी दौरान पैठना डेंटल कॉलेज के समीप ओवरब्रिज पर उनकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. वेना थाना पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश में छापेमारी

वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी. दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. गांव में भी इस हृदयविदारक हादसे के बाद शोक का माहौल है.

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रैक्टर से टकराई है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी में 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >