जिला पदाधिकारी ने की धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक

एफआरके उपलब्ध कराने के संबंध में निगम मुख्यालय, पटना से पत्राचार किया गया है एवं दूरभाष के माध्यम से भी वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया है.

बिहारशरीफ. जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों से अधिप्राप्त धान एवं उसके समतुल्य राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर हस्तगत कराये गये सीएमआर तथा जिले में एफआरके के स्थिति की समीक्षा की गयी. जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया कि प्रधान सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के द्वारा निर्गत मार्गदर्शिका के आलोक में जिला टास्क फोर्स द्वारा रूट ऑप्टिमाइजेशन, दूरी एवं विगत वर्षों में मिलों के कार्यकलाप के आधार पर पैक्सों तथा व्यापार मंडलों को अधिप्राप्त धान के मिलिंग के लिए राईस मिलों से सम्बद्ध किया गया है. जिसके आलोक में कुल 228 समितियों को अधिप्राप्त धान के मिलिंग के लिए जिला टास्क फोर्स द्वारा चयनित कुल 22 उसना एवं 10 अरवा मिलों के साथ सम्बद्ध किया गया है. सम्बद्ध किये गए 228 समितियों में से कुल 213 समितियों द्वारा मिलों के साथ मिलिंग कार्य के लिए एकरारनामा किया जा चुका है, शेष 15 समिति एकरारनामा की प्रक्रिया में हैं.जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम द्वारा बताया गया कि जिले को आवंटित लक्ष्य 122085 एमटी के विरूद्ध 55836.029 एमटी धान की अधिप्राप्ति की गयी है. लक्ष्य के समतुल्य कुल 82825 एमटी सीएमआर के विरुद्ध अबतक 2204 एमटी सीएमआर राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केन्द्रों पर हस्तगत कराया गया है. विभाग द्वारा नालंदा जिला को सारण एवं पटना जिले के दो एजेंसी को एफआरके आपूर्तिकर्ता के रूप में सम्बद्ध किया गया है. जिनके द्वारा जिले को आवंटित लक्ष्य के समतुल्य सीएमआर आपूर्ति के लिए आवश्यक 828.25 एमटी एफआरके के विरूद्ध मात्र 33.3 एमटी एफआरके उपलब्ध कराया गया है. जिला प्रबंधक द्वारा यह भी बताया गया कि जिले में एफआरके की काफी कमी है जिसके कारण सीएमआर आपूर्ति में विलंब होने की संभावना है. एफआरके उपलब्ध कराने के संबंध में निगम मुख्यालय, पटना से पत्राचार किया गया है एवं दूरभाष के माध्यम से भी वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया है. इसके बाद जिला पदाधिकारी द्वारा जिला को पर्याप्त एफआरके उपलब्ध कराने के लिए निगम मुख्यालय, पटना से अनुरोध किया गया है.जिला पदाधिकारी द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को किसानों से अधिप्राप्त धान एवं उसके समतुल्य राज्य खाद्य निगम को हस्तगत कराये गये सीएमआर से संबंधित प्रतिवेदन से प्रतिदिन अवगत कराने का निदेश दिया गया. एफआरके के संबंध में जिला प्रबंधक को एफआरके आपूर्तिकर्ता से सम्पर्क कर शीघ्र एफआरके की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निदेश दिया गया. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >