Nursarai Development Projects : नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड प्रमुख रेखा देवी की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत समिति की बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार ने आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहाल बच्चों को दूध नहीं मिलने का मामला उठाया. उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से गरीब मजदूर परिवारों के बच्चों को नियमित रूप से पोषाहार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.
धान की फसल में उपयोग होने वाले उत्पाद की बढ़ी कीमतें
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए. सदस्यों ने धान की फसल में उपयोग होने वाले उत्पाद की कीमत बढ़ने का मामला उठाते हुए कहा कि जो सामान 266 रुपये प्रति बैग की दर से मिलना चाहिए, वह 400 रुपये प्रति बैग तक में बेचा जा रहा है. सदस्यों ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की.
दो करोड़ की विकास योजनाओं को स्वीकृति और अन्य कार्य
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जियाउल हक ने बताया कि पंचायत समिति की बैठक में करीब दो करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है. इन योजनाओं पर जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि गांवों में पुस्तकालय, सोलर लाइट और यात्री शेड का निर्माण कराया जाएगा.
इसके अलावा अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. बैठक में राशन कार्ड बनाने को लेकर भी चर्चा हुई. कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) संजय कुमार ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में हजारों फलदार पौधे लगाए जाएंगे.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अविनाश चंद्रा ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि इलाज या दवा से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे उनसे संपर्क करें.
बैठक में उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि
बैठक में अंचलाधिकारी दीपक कुमार, उपप्रमुख अविनाश कुमार मौर्य, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह पपरनौसा पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू मुखिया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अविनाश कुमार, जेई राजीव कुमार, पीओ संजय कुमार, पिंकी कुमारी, सीडीपीओ राजेश कुमार, नूरसराय पंचायत के मुखिया कृष्ण प्रसाद, दरुआरा पंचायत के मुखिया सोनू सुल्तान, बाराखुर्द पंचायत की मुखिया शोभा देवी, जगदीशपुर तियारी पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, मुखिया महेश मोची, नवल प्रसाद यादव, डोईया पंचायत के मुखिया रवि राम सहित पंचायत समिति सदस्य मनोज चौधरी, चंचला कुमारी, सुरेंद्र कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.
