Nalanda News : (निरंजन) नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में साइकिल को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. साइकिल देने से इनकार करने पर एक 14 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि घायल किशोर का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
साइकिल को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के ससौर गांव की है. घायल किशोर की पहचान विनय चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने शिवम से साइकिल मांगी थी, लेकिन साइकिल देने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया.
गुस्से में चाकू निकालकर कर दिया हमला
घायल शिवम कुमार ने बताया कि साइकिल नहीं देने पर कारू चौधरी के पुत्र जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू चौधरी नाराज हो गया. आरोप है कि इसके बाद उसने चाकू निकालकर शिवम पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल शिवम को सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया गया.
आरोपी के पास हमेशा रहता था चाकू
घायल किशोर ने बताया कि आरोपी अक्सर अपने पास चाकू रखता था. हालांकि इससे पहले उसने कभी किसी पर हमला नहीं किया था. इस घटना के बाद गांव के लोग भी हैरान हैं और आरोपी की इस हरकत की चर्चा कर रहे हैं.
गांव में फैली सनसनी
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है. स्थानीय लोग मामूली बात पर हुए इस जानलेवा हमले को लेकर चिंता जता रहे हैं.
पुलिस को नहीं मिला था आवेदन
सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र Kumar बिंद ने बताया कि घटना की आधिकारिक सूचना अभी तक पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की जानकारी जुटा रही है.
आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.
