नालंदा में नल का पानी पीने को लेकर विवाद, घर में लगाई आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, आरोपी गिरफ्तार

Nalanda News: नालंदा में घर के बाहर लगे नल से पानी पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पड़ोसी के घर में आग लगा दी. आग की इस घटना में गेहूं, नकदी, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए.

नालंदा से मुकुल नाथ सिन्हा की रिपोर्ट
Nalanda News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. घर के बाहर लगे नल से पानी पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पड़ोसी के घर में आग लगा दी. आग की इस घटना में गेहूं, नकदी, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला

बिंद थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में गुरुवार रात घर के बाहर लगे नल के पानी पीने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद गांव के ही वीरन मांझी ने गुस्से में आकर पीड़ित के घर में आग लगा दी. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.

मजदूर परिवार की जीवनभर की कमाई हुई राख

पीड़ित सुबोध कुमार ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. आग लगने से घर में रखा गेहूं, अन्य खाद्यान्न, कपड़े, नकदी, बर्तन, फर्नीचर और दैनिक उपयोग का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग बाल्टी, मोटर और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए. हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि ग्रामीणों के प्रयास पर्याप्त नहीं साबित हो रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आसपास के कई घर भी आग की चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था.

पीड़ित ने मांगा मुआवजा और सख्त कार्रवाई

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है. साथ ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई है. गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है. बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पीड़ित की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी वीरन मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

Also Read: नालंदा में बुजुर्गों की पेंशन पर संकट, हरनौत के 4,747 लाभुकों की पेंशन हो सकती है बंद, जल्द कराएं यह काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >