डीएम के निर्देश पर राजगीर मेला क्षेत्र की सफाई शुरू, कचरा हटाने और छिड़काव का काम जारी

Nalanda News : राजगीर मेला क्षेत्र में कचरा और गंदगी की समस्या पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की. डीएम के निर्देश पर कचरा उठाव, फॉगिंग और छिड़काव का कार्य कराया जा रहा है.

Nalanda News : राजकीय मलमास मेला की समाप्ति के बाद मेला क्षेत्र में कचरे का अंबार लगने संबंधी समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है. डीएम उदिता सिंह ने इस मामले को अत्यधिक गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद को तत्काल आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया है.

चूना व ब्लीचिंग का छिड़काव

डीएम के निर्देश के आलोक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है. मेला क्षेत्र से तेजी से कचरे का उठाव कराने के साथ-साथ संक्रमण फैलने से रोकने के लिए चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का लगातार छिड़काव कराया जा रहा है.

संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग

कार्यपालक पदाधिकारी ने आगे बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग भी कराई जा रही है. नगर परिषद प्रशासन के अनुसार, मेला क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े नालों की मुकम्मल सफाई कर गंदे पानी की त्वरित निकासी सुनिश्चित की गई है, ताकि कहीं भी जलजमाव न हो और दुर्गंध की समस्या उत्पन्न न हो सके.

इसके साथ ही, मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए सभी अस्थायी शौचालयों के सेप्टिक पिट (गड्ढों) को भी सुरक्षित रूप से भर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके.

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध

इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वह पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है. समाचार पत्रों एवं अन्य संचार माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों और जनसमस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मेला क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर बनाए रखने के लिए यह सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा.

Also Read : हेमचंद्र बने नालंदा के नए DEO, शिक्षा व्यवस्था में सुधार को बताया प्राथमिकता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ramvilas prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >