Nalanda rozgar mela: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर मिलने जा रहा है. जिला नियोजनालय, नालंदा की ओर से 15 सितंबर को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा. मेला संयुक्त श्रम भवन, ब्लॉक कैंपस, बिहारशरीफ के परिसर में सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक लगेगा.
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों की ओर से 1000 से अधिक रिक्तियों पर युवाओं का चयन किया जाएगा. इसमें रिटेल, हेल्थकेयर, अकाउंटिंग, डिलीवरी सेवा, हॉस्पिटैलिटी और सुरक्षा सेवा समेत कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे.
कई निजी कंपनियों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
मेले में रीशव ऑटोमोबाइल्स, रेडर सिक्योरिटी, पेटीएम, नेटअम्बिट, वैल्यू फॉरेस्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, नवभारत फर्टिलाइजर्स एलएलपी, एचएसएन टेक, जवाहरी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, क्वेस कॉर्प लिमिटेड, राजराय सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड, प्रथम फाउंडेशन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट समेत अन्य स्थानीय एवं बाहरी निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
18 से 40 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे. चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 12 हजार से 45 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिल सकता है.
प्रमाण-पत्रों के साथ पहुंचना होगा
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्रों के साथ मेला स्थल पर पहुंचकर संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष आवेदन और साक्षात्कार में शामिल होना होगा.
जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं. रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, नालंदा के दूरभाष नंबर 06112-359276 पर संपर्क किया जा सकता है.
