बिहारशरीफ में 5000 नयी स्ट्रीट लाइट लगेंगी, 5000 कंबल खरीदने पर नगर निगम बोर्ड की मुहर

बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास के लिए कई अहम फैसले लिए गए. 5000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, 5000 कंबल जरूरतमंदों को बांटने और प्रॉपर्टी टैक्स शत-प्रतिशत वसूलने पर जोर दिया गया. साथ ही, विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापित करने की भी योजना है.

Biharsharif Nagar Nigam: बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को नगर निगम कार्यालय स्थित सभाकक्ष में महापौर की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिये गये. बैठक में उप महापौर, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, उप नगर आयुक्त शम्स रजा, राजस्व पदाधिकारी, अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक समेत पार्षदगण, कार्यालय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.

संविधान की किताब और तिरंगा लेकर पहुंचे पार्षद पप्पू यादव

बैठक में वार्ड पार्षद धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव हाथ में तिरंगा और संविधान की पुस्तक लेकर पहुंचे. उन्होंने कहा कि संविधान और नगर पालिका एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत ईमानदारीपूर्वक कार्य नहीं किया जा रहा है. निगम के पदाधिकारी और कर्मी अपने कार्यों को समय पर पूरा नहीं कर रहे हैं.

पार्षद ने कहा कि कार्यों में देरी के कारण पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्र में जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जतायी. इस दौरान कई वार्ड पार्षदों ने उनके बयान का समर्थन किया.

सभी वार्डों में विकास योजनाओं का होगा चयन

बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से नगर निगम के सभी वार्डों में विकास योजनाओं के चयन का निर्णय लिया. आवश्यकतानुसार विभिन्न वार्डों में डस्टबिन, बोरिंग और स्ट्रीट पोस्ट का अधिष्ठापन निविदा के माध्यम से कराने पर सहमति बनी.

5000 नयी स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय

शहर की रोशनी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े 17 हाई मास्क लाइट और 1211 स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा निविदा के माध्यम से शहर के सभी वार्डों में 5000 नयी स्ट्रीट लाइट लगायी जायेंगी.

प्रॉपर्टी टैक्स और ट्रेड लाइसेंस की शत-प्रतिशत वसूली पर जोर

नगर निगम का राजस्व बढ़ाने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. शत-प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली करने का निर्णय लिया गया. सरकारी भवनों से भी प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने पर सहमति बनी.

वहीं, आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा ईपीएफ और ईएसआई की राशि समय पर जमा नहीं किये जाने के मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गयी है. कमेटी जांच के बाद दोषी एजेंसी पर कार्रवाई की अनुशंसा करेगी.

विद्यालयों और सरकारी भवनों में पुस्तकालय की तैयारी

नागरिक सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों और सरकारी भवनों में सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए पुस्तकों, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद की जायेगी.

महादलित और गरीबों के बीच बांटे जायेंगे 5000 कंबल

आगामी शीत ऋतु को देखते हुए महादलित, गरीब और असहाय लोगों के बीच वितरण के लिए 5000 कंबल खरीदने पर सहमति बनी. इसके अलावा बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख और मुख्य सड़कों के किनारे फुटपाथ में पेवर ब्लॉक निर्माण की स्वीकृति भी दी गयी.

अंत में महापौर ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों को धन्यवाद देते हुए बैठक की कार्यवाही समाप्त की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत सिंह

रणजीत सिंह ने वर्ष 2006 में प्रिंट मीडिया से पत्रकारिता की शुरूआत की. वर्तमान में प्रभात खबर के बिहारशरीफ कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं. 19 वर्ष के पत्रकारिता जीवन में कई लिडिंग दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता के तौर पर कार्य किया है. स्वास्थ्य, नगर निकाय, कृषि, बिजली, नियोजनालय, पशुपालन एवं गव्य विकास विषयों पर नियमित खबर लिख रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >