नालंदा में अनुश्रवण समिति की बैठक, राशन, नल-जल और जाम की समस्याओं पर एसडीओ ने मांगी रिपोर्ट

Nalanda News : नालंदा के हिलसा में अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जन वितरण प्रणाली, पेयजल और यातायात व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई. एसडीओ अमित कुमार पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.

Nalanda News : नालंदा के हिलसा अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक एसडीओ अमित कुमार पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जन वितरण प्रणाली, पेयजल एवं यातायात व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में समिति सदस्यों ने राशन वितरण में अनियमितता, लाभुकों को समय पर राशन नहीं मिलने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध नहीं होने तथा जन वितरण प्रणाली की दुकानों के लंबे समय तक बंद रहने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.

राशन वितरण में परेशानी और जाम पर चर्चा

सदस्यों ने कहा कि कई राशन दुकानों पर अत्यधिक भीड़ के कारण लाभुकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बैठक में हिलसा, एकंगरसराय एवं इस्लामपुर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन नहीं होने के कारण आम लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है.

पंचायत भवन पर अवैध कब्जे की मिली शिकायत

समिति के समक्ष इस्लामपुर प्रखंड की बेले पंचायत के लक्ष्मी बिगहा, वार्ड संख्या-3 स्थित सरकारी पंचायत भवन पर वर्तमान पंचायत समिति सदस्य शोभा यादव एवं उनके भाई कमलेश यादव द्वारा कथित अवैध कब्जे की शिकायत भी रखी गई. मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई. भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्र के वर्षों से बंद पड़े चापाकलों को चिह्नित कर जांच के बाद पुनः चालू कराने की मांग उठाई गई.

नल-जल और आंगनबाड़ी में अनियमितता की शिकायत

इसके साथ ही इस्लामपुर प्रखंड की पचलोवा पंचायत के अकुरीपर गांव स्थित महादलित टोला तथा करायपरसुराय प्रखंड की सांध पंचायत के पकड़ी गांव में नल-जल योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला भी समिति के समक्ष रखा गया. आंगनबाड़ी केंद्रों में समय के अनुसार बच्चों को भोजन नहीं दिए जाने तथा वास्तविक उपस्थिति से अधिक बच्चों की हाजिरी दर्ज किए जाने की शिकायत भी सदस्यों ने उठाई. उन्होंने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की.

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त चेतावनी

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ अमित कुमार पटेल ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों की तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया तथा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अनुश्रवण समिति की बैठक में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में समिति सदस्य नवल यादव, दिलीप कुमार सिन्हा, अर्जुन विश्वकर्मा, बालेश्वर पासवान, उमेश राम, नंदलाल पासवान (लोजपा-रामविलास), विधायक प्रतिनिधि चिंटू महतो, कुंदन कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >