Nalanda News : नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को बदमाशों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया है. शनिवार दोपहर चार की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर सीएसपी संचालक को बंधक बनाया और 5 हजार रुपये नकद सहित एक लैपटॉप लूटकर फरार हो गए.
इस संबंध में चंडी थाना क्षेत्र के "पीनी पर" गांव निवासी और पीड़ित सीएसपी संचालक संदीप पटेल ने बताया कि घटना दिन के लगभग 12:30 बजे की है. वे अपने सेंटर पर काम कर रहे थे, तभी चार बदमाश अचानक अंदर घुसे. अपराधियों ने तुरंत हथियार निकाल लिए और गन पॉइंट पर लेकर लूटपाट शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी खौफनाक वारदात सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बदमाश अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांधे और सिर पर टोपी पहने हुए दुकान के अंदर दाखिल होते हैं.
वीडियो में अपराधी गन पॉइंट पर संचालक को बंधक बनाते हुए और बैग में पैसे रखते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं, उनका एक अन्य साथी लैपटॉप लेकर भागता हुआ नजर आ रहा है.
पिछले साल भी इसी सेंटर पर हुई थी बड़ी लूट
इस सीएसपी सेंटर की सुरक्षा पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि यहां लूट की यह कोई पहली घटना नहीं है. ठीक एक साल पहले 11 सितंबर को भी तीन हथियारबंद बदमाशों ने इसी सेंटर पर धावा बोला था.
उस वक्त अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर 2 लाख 60 हजार रुपये की बड़ी लूट की थी और भागते समय सीएसपी का शटर बाहर से गिरा दिया था, जिसका पुलिस ने उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था.
पुलिस महकमे में हड़कंप और एफएसएल टीम की जांच
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. लूट की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गई. नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने लूट की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
