बिहारशरीफ में घर के अंदर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, अर्धनिर्मित राइफल समेत 24 तरह के उपकरण बरामद

नालंदा के आगारपर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मौके से 24 प्रकार के उपकरण और हथियार बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

Nalanda Mini Gun Factory : अवैध हथियार निर्माण और अंतरजिला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिहारशरीफ के करायपरसुराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करायपरसुराय थाना क्षेत्र के आगारपर गांव में हिलसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया.

पुलिस ने मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 24 प्रकार के तकनीकी उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद करते हुए मुख्य आरोपी रंजीत बिन्द को गिरफ्तार किया है.

हिलसा एसडीपीओ रंजन कुमार ने गुरुवार को करायपरसुराय थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आगारपर गांव में रंजीत बिन्द के घर के एक हिस्से में अवैध हथियार बनाने एवं उसकी खरीद-बिक्री का काम किया जा रहा है.

सूचना के सत्यापन के बाद करायपरसुराय थाना पुलिस, अनुमंडल आसूचना इकाई एवं विशेष टीम के जवानों की संयुक्त टीम गठित कर चिन्हित ठिकाने की घेराबंदी की गई. इसके बाद छापेमारी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

अर्धनिर्मित राइफल समेत 24 प्रकार के उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मैगजीन लगी एक अर्धनिर्मित राइफल, छह लोहे के बैरल, दो लोहे के मैगजीन, छह मैगजीन स्प्रिंग, तीन लकड़ी के राइफल बट, लकड़ी से बना राइफल का बॉडी, मैगजीन लॉक, बट बेस, कार्किंग हैंडल, 27 लोहे के पंच समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की.

इसके अलावा लोहे की भट्ठी, कटर मशीन, हथौड़ी, छेनी, रेती, मास्टर रिंच, एलन-की, रूखानी, लोहे की प्लेट और धार करने वाला पत्थर समेत कुल 24 प्रकार के औजार बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, मौके पर हथियार निर्माण से संबंधित वर्कशॉप संचालित होने के साक्ष्य मिले हैं.

हथियार निर्माण में माहिर आरोपी पूर्व में भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रंजीत बिन्द, सरजुग बिन्द का पुत्र है और हथियार निर्माण में तकनीकी रूप से दक्ष बताया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था तथा तैयार अथवा अर्धनिर्मित हथियारों की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी. अंतरजिला स्तर पर जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार रंजीत बिन्द पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े संभावित लोगों की जानकारी जुटा रही है.

Also Read : दो बच्चों की मां की गला दबाकर हत्या, पति-ससुर को उम्रकैद; बिहारशरीफ कोर्ट ने सुनाया फैसला

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल जांच कराने के बाद उसे हिलसा व्यवहार न्यायालय में न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत कर दिया. मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

महिला को हिरासत में लेने को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

इधर, ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का दावा है कि बुधवार की रात रंजीत बिन्द की पत्नी शंकुतला देवी को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था.

ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में कथित रूप से बिचौलियों के माध्यम से महिला को छोड़ दिया गया. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने इस संबंध में लगाए गए आरोपों से इनकार किया है.

पिछले तीन वर्षों में कई ठिकानों पर हुआ मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा

करायपरसुराय एवं चिकसौरा थाना क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान अवैध हथियार निर्माण से जुड़े कई मामले या मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हो चुका है.

Also Read : बिहारशरीफ सदर अस्पताल में 3 साल के बच्चे की मौत के बाद बवाल, ICU-इमरजेंसी में तोड़फोड़; 2 हिरासत में

पुलिस कार्रवाई में आगारपर, सदरपुर, चिकसौरा बाजार, बैरीगंज, नेसरा और मिर्जापुर में मिनी गन फैक्ट्री अथवा अवैध हथियार निर्माण के ठिकानों का खुलासा होने की जानकारी सामने आई है. लगातार सामने आ रहे इन मामलों से क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ी है.

छापेमारी दल में अंचल इंस्पेक्टर अमरदीप कुमार, थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान, दारोगा दिलीप कुमार, दारोगा राजेश कुमार, संतन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >