Sheikhpura News : शेखपुरा जिले में शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस और उत्पाद विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात शराब तस्कर समेत तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद की गई. गिरफ्तार सभी आरोपियों को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
कुख्यात तस्कर 85 पाउच शराब के साथ गिरफ्तार
कोरमा थाना क्षेत्र के चाड़े गांव स्थित टाटी नदी के समीप थानाध्यक्ष मुरारी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुरारपुर निवासी कारू राम के पुत्र श्रवण राम को शराब से भरे बोरे के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से 250 एमएल के 85 पाउच देसी शराब बरामद किए. थानाध्यक्ष ने बताया कि श्रवण राम के खिलाफ कोरमा और उत्पाद थाना में छह मामले दर्ज हैं तथा वह कई बार जेल जा चुका है. वह कुख्यात शराब तस्कर घनश्याम राम का सहोदर भाई है.
होम डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय दबोचा गया
उत्पाद विभाग की टीम ने शहर के टीचर कॉलोनी बंगाली पर से डिलीवरी बॉय युवराज कुमार को विदेशी शराब की कई बोतलों के साथ गिरफ्तार किया. उत्पाद थानाध्यक्ष अमित आनंद ने बताया कि एएसआई अमरजीत कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी उस समय पकड़ा गया, जब वह शराब की होम डिलीवरी के लिए घर से निकल रहा था.
महिला कारोबारी भी गिरफ्तार, उपकरण बरामद
उत्पाद दारोगा अजय कुमार और एसआई स्मृति कुमारी के नेतृत्व में कुतुबचक में छापेमारी कर सदन मांझी की पत्नी मैना देवी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. वहीं सिरारी थाना की पुलिस ने भदोस बेलदरिया गांव में छापेमारी कर 13 लीटर शराब, शराब बनाने के उपकरण, गैस चूल्हा और सिलेंडर बरामद किया. हालांकि इस दौरान कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे.
