Biharsharif News: बिहारशरीफ के बिंद थाना क्षेत्र के जमसारी गांव में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया. घायलों के अनुसार ई-रिक्शा लेकर रास्ते से गुजरने के दौरान अनजाने में एक सीढ़ी से हल्की ठोकर लग गई. इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
लाठी-डंडों से हमला, पिता-पुत्र घायल
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस घटना में जमसारी गांव निवासी मिथलेश दाढ़ी और उनके पुत्र सौरभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों के अनुसार दोनों ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंद में भर्ती कराया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति पर निगरानी रखी.
पांच लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत
पीड़ित पक्ष ने पांच नामजद लोगों के विरुद्ध बिंद थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मामूली विवाद के बाद जानबूझकर मारपीट की गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
