Nalanda News : पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय स्नातक महाविद्यालय, इस्लामपुर में सत्र 2026-30 (कला संकाय) के नव नामांकित सैकड़ों विद्यार्थियों का शनिवार को आयोजित इंडक्शन मीट में भव्य स्वागत किया गया. कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शासी निकाय अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद, प्रभारी प्राचार्य प्रो. आनंदी प्रसाद और शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. मीरा गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की.
अनुशासन और लक्ष्य के साथ पढ़ाई करने की सीख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासी निकाय अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद ने विद्यार्थियों से अनुशासन, दृढ़ संकल्प और लगन के साथ उद्देश्यपूर्ण शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है.
'शिक्षा सबसे बड़ा अस्त्र है', बोले प्रभारी प्राचार्य
प्रभारी प्राचार्य प्रो. आनंदी प्रसाद ने कहा कि शिक्षा ऐसा अस्त्र है जिसे कोई चुरा, बांट या छीन नहीं सकता. उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई में पूरी रुचि लेने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि छात्रों को अकादमिक कैलेंडर और समय-सारणी उपलब्ध करा दी गई है, जिससे उन्हें पूरे सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी रहेगी.
सेमेस्टर प्रणाली और आंतरिक मूल्यांकन की दी जानकारी
शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. मीरा गुप्ता ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को सेमेस्टर प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के प्रारूप और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया.
कई विभागाध्यक्ष और शिक्षकों ने किया संबोधित
इंडक्शन मीट का संचालन प्रशाखा सहायक सिद्धार्थ ने किया. कार्यक्रम में प्रो. संजीव कुमार सिंह, प्रो. अशोक कुमार सिंह, प्रो. अनुज कुमार, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. विनोद प्रसाद, प्रो. सुरेन्द्र प्रसाद, प्रो. महेन्द्र प्रसाद सिंह समेत अन्य विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम की सफलता में रोहित कुमार, रवि कुमार, कुमुद कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
