Hilsa Youth Found Unconscious : हिलसा-डियावां मार्ग पर भलभद्र सराय के पास गुरुवार की रात सड़क पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हिलसा में भर्ती कराया.
कई घंटे के इलाज के बाद युवक की पहचान मदारचक गांव निवासी वामीन प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई.
दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहा था अजय
सूत्रों के अनुसार, अजय कुमार अपने एक दोस्त के साथ बाइक से हिलसा से घर लौट रहा था. इसी दौरान भलभद्र सराय के पास किसी कारणवश यह घटना घट गई.
साथी युवक बाइक लेकर हुआ फरार, सड़क पर पड़ा रहा घायल
बताया जा रहा है कि बाइक चला रहा युवक बाइक लेकर वहां से फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा अजय कुमार सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा रहा. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया.
चेहरे पर चोट के निशान, स्थिति बनी हुई है गंभीर
चिकित्सकों के अनुसार अजय के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है.
पुलिस कर रही घटना की जांच, जुटाई जा रही जानकारी
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.
