Nagar Parishad Hilsa: नगर परिषद हिलसा के सभागार में शनिवार को मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में साधारण बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न वार्डों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान कई विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर सहमति बनी.
त्योहारों को देखते हुए होगी विशेष साफ-सफाई
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही टूटे नाला स्लैब की मरम्मत कराने पर भी सहमति बनी. नगर के सभी वार्डों में नल-जल योजना का संचालन कर रहे ऑपरेटरों को नियमानुसार सहयोग राशि का भुगतान करने का निर्णय लिया गया.
टैक्स एजेंसी की शिकायतों की होगी जांच
बैठक में टैक्स एजेंसी से संबंधित प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित करने पर भी सहमति बनी. समिति शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी.
1500 स्ट्रीट लाइट और 1000 तिरंगा लाइट लगेंगी
नगर क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त 1500 स्ट्रीट लाइट और 1000 तिरंगा लाइट लगाने का निर्णय लिया गया. वहीं मुख्य बाजार में आम लोगों की सुविधा के लिए शौचालय और मूत्रालय निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल चिह्नित करने पर सहमति बनी.
पानी टंकी परिसर के पार्क का होगा जीर्णोद्धार
वार्ड संख्या-5 स्थित पानी टंकी परिसर के पार्क के जीर्णोद्धार और विकास कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया.
मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है. किसी भी वार्ड को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा. सरकार की योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारना प्राथमिकता है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया.
हर घर कचरा संग्रहण के लिए थैला देने की मांग
सशक्त स्थायी समिति की सदस्य सह वार्ड पार्षद तबस्सुम प्रवीण ने वार्ड संख्या-11 में डस्टबिन उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया. उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक घर में कचरा संग्रहण के लिए थैला उपलब्ध कराने की भी मांग की.
अन्य वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को बैठक में रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
ये रहे मौजूद
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर कुमार, उपमुख्य पार्षद दुर्गा कुमारी, नगर प्रबंधक गौतम कुमार, सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक रणवीर कुमार, प्रधान सहायक अलबेला प्रसाद सहित वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार, सकलदीप चौधरी, रीना कुमारी, राकेश कुमार शर्मा, विजय कुमार विजेता, संतोष कुमार गुप्ता, कुमारी कंचन सिन्हा, पम्मी कुमारी, सिंधु कुमारी समेत अन्य पार्षद और नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
