नालंदा में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की झड़प, छह पुलिसकर्मी घायल

नालंदा जिले के हिलसा में शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद थाना की पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए विरोध किया।

नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के पूना नोनिया बिगहा गांव में गुरुवार की रात शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद थाना की पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई. इस घटना में उत्पाद थाना के छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए, जिनका इलाज हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया.

घायल पुलिसकर्मियों के नाम

अस्पताल में इलाज कराने वाले घायलों में उचित कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, विवेक कुमार, रामकृष्ण, शिम्पी कुमारी और रंजीता कुमारी शामिल हैं. इन सभी को छापेमारी के दौरान आई चोटों के बाद चिकित्सकीय सहायता दी गई.

छापेमारी और अवैध वसूली के आरोप का विरोध

जानकारी के अनुसार, शराब बिक्री की सूचना पर उत्पाद थाना की टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची थी. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर शराब के नाम पर अवैध वसूली करने और बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद मामला झड़प में बदल गया.

Also Read : पर्यटन का नया ठिकाना बन सकती है गया जी की मंडा पहाड़ी, 7 गुफाएं और प्राचीन मूर्तियां हैं खास आकर्षण

हथियार छीने जाने की चर्चा और पुलिस बल की तैनाती

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा. इसी बीच एक पुलिसकर्मी का हथियार छीने जाने की भी चर्चा सामने आई, हालांकि बाद में हथियार वापस किए जाने की बात कही गई. मामले की सूचना मिलने पर हिलसा थानाध्यक्ष और उत्पाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया गया.

अधिकारियों का पक्ष और प्राथमिकी पर स्थिति

उत्पाद थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान हल्की-फुल्की झड़प हुई है. उन्होंने पुलिसकर्मी का हथियार छीने जाने की बात से साफ इनकार किया है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >